Opinion: उद्धव से अनबन के बाद BJP की राज ठाकरे से नजदीकी, BMC चुनाव से पहले MNS चीफ से मुलाकात के मायने क्या?
Maharashtra News: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राज ठाकरे से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि BMC चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच गठबंधन हो सकता है।

महाराष्ट्र की सियासत ने पिछले एक साल से कई रंग बदले हैं। पहले उद्धव ठाकरे की पार्टी में टूट, फिर शिवसेना से बागी हुए एकनाथ शिंदे के साथ गठबंधन कर बीजेपी की नई सरकार का गठन। उसके बाद एनसीपी नेता अजीत पवार के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें और अब बंद कमरे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात। इस मुलाकात ने अब कई चर्चाओं को हवा दे दी है।
अचानक फडणवीस पहुंचे राज ठाकरे के आवास
सोमवार देर रात मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने अपने आवास पर उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। अचानक हुई इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में नए-नए कयास लगाना शुरू हो गए। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच मुलाकात का मुद्दा क्या रहा? इसका खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन चर्चा है कि बीएमसी चुनाव के लिए बीजेपी-मनसे के बीच गठबंधन हो सकता है।
महाराष्ट्र की राजनीति में नया संकेत
उद्धव ठाकरे की पार्टी से अनबन के बाद बीजेपी और राज ठाकरे के बीच नजदीकियां बढ़ती नजर आ रही है। कई मौकों पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को राज ठाकरे के साथ देखा गया है। तीनों दिग्गजों ने कई कार्यक्रमों में एक साथ हिस्सा लिया है। ऐसे में अब फडणवीस और राज ठाकरे की मुलाकात महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ नया होने के संकेत दे रहे हैं।
बीएमसी चुनाव से पहले बंद कमरे में मुलाकात
चर्चाओं की मानें तो एकनाथ शिंदे गुट के अलावा बीजेपी मनसे को भी अपने साथ लाने पर विचार कर रही है। इस साल के अंत में होने वाले बीएमसी चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में दोनों दलों के बीच संभावित गठजोड़ की चर्चा को फिर से हवा मिल गई है।
गठबंधन या फिर जुबानी जंग रोकने का प्रयास
पिछले वर्षों में दोनों वैचारिक रूप से गठबंधन वाली पार्टियों के बीच बढ़ती निकटता को देखते हुए यह बैठक अहम है। हालांकि, बढ़ते हुए मेलजोल को तब झटका लगा जब राज ठाकरे ने भाजपा के कुछ फैसलों पर सवाल उठाना शुरू कर दिया, जिसका भाजपा ने समान रूप से जवाब दिया। सोमवार की बैठक इसे लेकर भी देखी जा रही है कि क्या राज ठाकरे को पिघलाने का एक प्रयास किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications