Bandra Stampede: 8 नवंबर तक प्लेटफॉर्म से नहीं मिलेगा टिकट, 7 हजार विशेष ट्रेनों की व्यवस्था
Bandra Stampede: मुंबई के बांद्रा टर्मिनस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर शनिवार-रविवार की रात भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में करीब 10 लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस भगदड़ के बाद मुंबई रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के मुताबिक, 8 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।
जी हां...सेंट्रल रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, ठाणे, कल्याण, पुणे, नागपुर सहित चुनिंदा प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। इस कदम का उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करना और स्टेशन परिसर के भीतर यात्रियों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करना है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिवाली और छठ पूजा के दौरान 8 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर प्रतिबंध तुरंत प्रभावी है। वरिष्ठ नागरिकों और चिकित्सा संबंधी ज़रूरत वाले लोगों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। बता दें, बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर भीड़ के कारण मची भगदड़ में घायल हुए 10 लोगों को भर्ती कराया गया है।
सीएमओ बांद्रा भाभा अस्पताल डॉ सुशील ने बताया कि भगदड़ में घायल पांच लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती है। वहीं, 3 घायलों को छुट्टी दे दी गई और 2 गंभीर रूप से घायलों को आगे के इलाज के लिए केईएम अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। इस हादसे पर रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक (ईडी/आईपी) दिलीप कुमार ने भी दुख जताया है।
उन्होंने कहा कि दिवाली और छठ के त्यौहारी सीजन में यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। इस वर्ष, रेलवे ने व्यापक व्यवस्था की है। 7000 से अधिक विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इससे एक करोड़ से अधिक सीटें उपलब्ध हुई हैं। बांद्रा स्टेशन पर दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई जब एक रेक रखा जा रहा था और कुछ लोगों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की।
इस दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और 7 को मामूली चोटें आई हैं। उनका इलाज किया जा रहा है। हम महत्वपूर्ण मार्गों पर क्लोन ट्रेनें भी चला रहे हैं। हमने यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया भी बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications