Axis My India Maharashtra Exit Poll: मराठा,OBC और दलितों ने किसे दिया ज्यादा वोट? चौंकाने वाले नतीजे!
Axis My India Maharashtra Exit Poll 2024: महाराष्ट्र के लिए गुरुवार शाम को एक्सिस माय इंडिया ने एक्जिट पोल सर्वे के अनुमान जारी किए हैं। इसके नतीजे बहुत ही चौंकाने वाले नजर आ रहे हैं और कई सारे मिथक टूटने की संभावना दिख रही है। इसने जो वोट शेयर के अनुमान जारी किए हैं, उसके हिसाब से सत्ताधारी महायुति गठबंधन विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) पर पूरी तरह से भारी पड़ा है।
एक्सिस माय इंडिया ने एक्जिट पोल के अनुमानों के हिसाब से महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन को 48% वोट मिलने का अनुमान बताया है। जबकि एमवीए को मात्र 37% वोट मिलने की संभावना है। वहीं अन्य दलों और निर्दलियों के खाते में 12% वोट जा सकते हैं। इससे लगता है कि बागियों और छोटे दलों की वजह से इंडिया ब्लॉक को ज्यादा नुकसान हो रहा है। वहीं प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) को भी 3% वोट मिलने का अनुमान है।

मराठा वोटरों ने महायुति पर जताया भरोसा-एग्जिट पोल
इस एग्जिट पोल के अनुमानों के अनुसार 48% मराठा वोट महायुति के खाते में गए हैं और एमवीए को मात्र 40% मराठों ने वोट दिया है।
ओबीसी वोटरों ने महायुति को छप्पर फाड़ कर दिए वोट- एग्जिट पोल
इसी तरह से ओबीसी में शामिल कुनबी जाति के 53% वोट महायुति को मिले हैं और एमवीए को सिर्फ 34% पर ही संतोष करना पड़ सकता है। कुनबी के अलावा बाकी ओबीसी मतदाताओं ने 64% ने भाजपा की अगुवाई वाले महायुति पर भरोसा दिखाया है और कांग्रेस की अगुवाई वाले महा विकास अघाड़ी को सिर्फ 25% वोट मिले हैं।
दलित वोट के मामले में महायुति थोड़ा पीछे- सर्वे
वहीं दलित वोट की बात करें तो एमवीए को 40% और महायुति को 34% वोट मिल सकते हैं। जबकि, आदिवासी वोटरों में से 49% ने महायुति और 37% ने एमवीए के लिए मतदान किया है। 14% दलित वोट वीबीए के खाते में गए हैं।
मुस्लिम मतदाताओं ने एमवीए को लगाया गले, महायुति को किया आउट- सर्वे
वहीं मुस्लिम वोटरों में फिर से एमवीए का सिक्का चल गया है। 79% मुसलमानों ने कांग्रेस की अगुवाई वाले एमवीए को वोट दिया है और महायुति पर मात्र 4% मुसलमान ही भरोसा जता सके हैं।
गैर-मराठा अन्य सामन्य जातियों की बात करें तो इनका 68% वोट महायुति को और सिर्फ 22% वोट एमवीए को मिलने का अनुमान है।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार (20 नवंबर, 2024 ) को वोट डाले गए थे और चुनाव के नतीजे 23 नवंबर (शनिवार )को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications