महाराष्ट्र में प्रदूषण मुक्त दिवाली की मुहिम की शुरुआत, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की ये अपील
महाराष्ट्र में भी प्रदूषण मुक्त दिवाली अभियान की शुरुआत हो चुकी है। जिस तरह से लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है उसे देखते हुए महाराष्ट्र के मौसम विभाग और महाराष्ट्र के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मिलकर प्रदूषण मुक्त दिवाली अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान की शुरुआत में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंद और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बच्चे ही इस प्रदूषण मुक्त दिवाली के ब्रांड अंबेसडर हैं।

बच्चे ही इस अभियान को आगे बढ़ा सकते हैं, लोगों के भीतर जागरुकता ला सकते हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश सरकार में मंत्री दीपक केसरकर, गिरीश महाजन, अतुल सावे, अब्दुल सत्तार, मुख्य सचिव मनोज सौनिक भी शामिल हुए।
गौर करने वाली बात है कि जिस तरह से दिल्ली में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है उसी तरह मुंबई की हवा भी प्रदूषित हो रही है। प्रदेश में बढ़ता एक्यूआई चिंता का विषय बना हुआ है। इसको लेकर सरकार और कोर्ट दोनों ही परेशान हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस मामले में महापालिका को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने जल्द से जल्द प्रदूषण को कम करने की बात कही थी।
कोर्ट ने कहा था कि मुंबई में होने वाले निर्माण कार्य को रोका जाए। दिवाली के दौरान पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ जाता है, ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वह इस पटाखों को ना जलाएं और प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाएं। इसके अलावा बीएमसी ने शहर को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए सोना-चांदी गलाने वाली चिमनियों पर भी कार्रवाई की है ताकि प्रदूषण को बढ़ने से रोका जा सके। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों से अपील की है कि वह प्रदूषण को कम करने के लिए आगे आएं।












Click it and Unblock the Notifications