Amazon Wrong Delivery: ऑर्डर किया 55 हजार का मोबाइल, डिलीवरी बॉक्स खोलते ही इंजीनियर पहुंचा थाने
Amazon Wrong Delivery: मुंबई के एक इंजीनियर ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी अमेजन पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। साथ ही अमेजन के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
इंजीनियर का आरोप है कि उसने 55 हजार की कीमत का एक स्मार्टफोन ऑर्डर किया था। लेकिन, जब डिलीवरी बॉक्स ओपन किया तो, उसमें चाय के कप का एक सेट मिला। उन्होंने ई-टेलर पर कोई ग्राहक सहायता न देने का भी आरोप लगाया। आइए जानते हैं पूरा मामला...

दरअसल, मामला मुंबई के माहिम इलाके का है। यहां के निवासी 42 वर्षीय अमर चव्हाण बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (BEST) में डिप्टी इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। इंजीनियर के मुताबिक, Amazon से 54,999 रुपये का Tecno Phantom V Fold 5G स्मार्टफोन ऑर्डर किया था। आरोप है कि ऑर्डर 15 जुलाई को डिलीवर हुआ, फोन की जगह पार्सल में चाय के कप का सेट था।
शॉपिंग पोर्टल पर शिकायत में नहीं मिली मदद
चव्हाण ने कहा कि मैंने शॉपिंग पोर्टल को कॉल किया और शिकायत की... उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जांच करेंगे और जवाब देंगे, लेकिन 20 जुलाई तक कोई जवाब नहीं मिला। जब मैंने उन्हें कॉल किया, तो उन्होंने असहायता व्यक्त की और मुझे अपनी जांच रिपोर्ट देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मैंने पुलिस से संपर्क किया। उनका दावा है कि ऑनलाइन पोर्टल मामले की जांच में रुचि नहीं ले रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस को डिलीवरी करने वाले व्यक्ति की CCTV फुटेज उपलब्ध कराई है।
डिलीवरी बॉक्स में निकला सांप
आपको बता दें कि पिछले महीने, बेंगलुरु की एक युवती तन्वी को अमेजन डिलीवरी पैकेज में एक सांप मिला था। युवती ने अमेजन इंडिया से माइक्रोसॉफ्ट एक्सबॉक्स (Microsoft Xbox) कंट्रोलर ऑर्डर किया था। पार्सल प्राप्त करने पर, वह उसके अंदर एक सांप देखकर चौंक गई।
उसने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो भी साझा किया जिसमें लिखा था कि अमेजन इंडिया से एक्सबॉक्स कंट्रोलर ऑर्डर किया और इसके साथ एक फ्री में सांप प्राप्त किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि अमेजन के ग्राहक सहायता ने उन्हें दो घंटे तक उलझाए रखा और कोई मदद नहीं उपलब्ध कराई।












Click it and Unblock the Notifications