Ajit Pawar Death: जब गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था, 'दादा आप सही कुर्सी पर हो', वायरल हो रहा वीडियो
Ajit Pawar News: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर उनके पुराने पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहे हैं। बारामती में लैंडिंग के दौरान हुए हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत देश के दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पर शाह और पवार का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच हंसी मजाक के पल हैं।
अजित पवार राजनीति के धुरंधर खिलाड़ी थे और वक्त की नब्ज पकड़कर साथ चलना जानते थे। यही वजह है कि चाचा शरद पवार के संरक्षण से बाहर निकलकर उन्होंने एनडीए के साथ जाने का फैसला किया। शरद पवार का धड़ा एनसीपी आज भी इंडिया अलायंस के साथ है।

Ajit Pawar News: सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो वायरल
दरअसल अजित पवार 2 जुलाई 2023 को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में औपचारिक रूप से विभाजन हुआ था। इसके बाद अजित पवार अपने चाचा शरद पवार से अलग होकर एनडीए गठबंधन में शामिल हुए और एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार में उपमुख्यमंत्री बने। इस सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महाराष्ट्र पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में अजित पवार से कहा था, "दादा, देर से ही सही, लेकिन बहुत दिनों बाद आप सही कुर्सी पर बैठे हैं।" यह बयान काफी चर्चा में रहा था और राजनीतिक संकेतों के तौर पर देखा गया था।
Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के निधन से शोक
अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। वह बड़े राजनीतिक फैसलों को लेकर सुर्खियों में रहते थे। 2019 में अविभाजित एनसीपी के दौर में उन्होंने शरद पवार को बिना जानकारी दिए देवेंद्र फडणवीस के साथ डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। हालांकि, वह सरकार कुछ ही दिनों में गिर गई थी। इसके बावजूद अजित पवार की राजनीतिक पकड़ कमजोर नहीं हुई। 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद एक बार फिर एनडीए की सरकार बनी और अजित पवार ने दोबारा डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी।












Click it and Unblock the Notifications