Ajit Pawar Last Post : प्लेन क्रैश से कुछ मिनट पहले क्या लिखा था अजित पवार ने? आखिरी पोस्ट बना चर्चा का विषय
Ajit Pawar Last Post: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख नेता अजित पवार के निधन की खबर ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। बुधवार, 28 जनवरी की सुबह महाराष्ट्र के बारामती में एक दर्दनाक विमान हादसे में अजित पवार की मौत हो गई।
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब उनका चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। हादसे से कुछ ही मिनट पहले अजित पवार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' से पोस्ट किया गया था। इस ट्वीट के सामने आने के बाद उनकी अचानक मौत की खबर ने लोगों को और भी भावुक कर दिया।

Ajit Pawar X Post: आखिरी ट्वीट ने सबको झकझोरा
अजित पवार के एक्स अकाउंट से पोस्ट किए गए संदेश में लिखा गया था, महान स्वतंत्रता सेनानी, स्वराज के उद्घोषक और 'पंजाब केसरी' लाला लाजपत राय जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। राष्ट्र की आज़ादी के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका राष्ट्रप्रेम हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।"
बताया जाता है कि यह ट्वीट हादसे से करीब 45-50 मिनट पहले किया गया था। हालांकि अब ये पो्स्ट उनके सोशल मीडिया एकाउंट से हटा दिया गया है। जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई।
Ajit Pawar Plane Crash: कैसे हुआ हादसा?
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, बारामती एयरपोर्ट के मैनेजर शिवाजी तावड़े ने बताया कि विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और उसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह विमान LearJet 45 था।
समाचार एजेंसी ANI ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के हवाले से बताया कि इस चार्टर्ड विमान में अजित पवार के साथ कुल पांच लोग सवार थे। इनमें दो निजी कर्मचारी (एक PSO और एक अटेंडेंट) और दो क्रू मेंबर (पायलट इन कमांड और फर्स्ट ऑफिसर) शामिल थे। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच सका।
परिवार बारामती के लिए रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और उनकी बहन, लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले बारामती के लिए रवाना हो गईं। परिवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं। अजित पवार के भाई श्रीनिवास पवार ने मीडिया से बातचीत में कहा, "यह हमारे लिए बेहद दुखद क्षण है। इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा। मेरा बेटा युगेंद्र इस वक्त बारामती के अस्पताल में है। हम सभी बारामती के लिए निकल चुके हैं। अजित का अंतिम संस्कार भी वहीं किया जाएगा।"
सोशल मीडिया पर शोक की लहर
अजित पवार के आकस्मिक निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने गहरा शोक जताया। एक यूजर ने लिखा, "48 मिनट पहले आपने देशभक्ति का संदेश दिया और अब आप हमारे बीच नहीं रहे। जिंदगी कितनी अनिश्चित है। ओम शांति।" दूसरे ने कहा, "महाराष्ट्र के लिए यह अपूरणीय क्षति है। कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
महाराष्ट्र की राजनीति को बड़ा झटका
अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली और रणनीतिक नेताओं में गिने जाते थे। पिछले एक दशक से अधिक समय तक वे लगातार सत्ता के केंद्र में रहे और कई बार उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई। उनके निधन से न सिर्फ NCP बल्कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। DGCA और अन्य एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मौसम की वजह से। अजित पवार का अचानक इस तरह चले जाना महाराष्ट्र और देश की राजनीति के लिए एक गहरा सदमा माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications