Maharashtra Chunav: क्या फडणवीस से संपर्क में रहती है AIMIM? ओवैसी की पार्टी के नेता के दावों से उठे सवाल
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के एक वरिष्ठ नेता ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारी के लिए नजरअंदाज किए जाने के बाद खुलकर असंतोष जाहिर की है। AIMIM की महाराष्ट्र इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष गफ्फार कादरी ने सार्वजनिक रूप से अपनी शिकायतें व्यक्त कीं, जिससे पार्टी के अंदर का घमासान जगजाहिर हो गया है।
अपने समर्थकों के साथ एक बैठक के दौरान, कादरी ने AIMIM की राज्य इकाई के प्रमुख और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के साथ संवाद करने की अपनी कोशिशों का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।

उन्होंने दावा किया कि, 'जब भी मैंने फोन किया, जलील ने मेरी कॉल का जवाब नहीं दिया। लेकिन लोग कहते हैं कि अगर फोन (भाजपा नेता) देवेंद्र फडणवीस का हो तो वह एक रिंग में ही फोन उठा लेते हैं।'
यह विवाद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के छत्रपति संभाजीनगर दौरे के तुरंत बाद सामने आया, जहां उन्होंने महाराष्ट्र चुनावों में पार्टी का प्रतिनिधित्व करने वाले पांच उम्मीदवारों के नामों को उजागर किया। इस सूची में कादरी का नाम नहीं था, जो पहले औरंगाबाद (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन हार गए थे।
यह सीट अब नए चेहरे रईस लश्करिया को देने का वादा किया गया है। कादरी का नाम सूची में न होना सवाल खड़े करता है, खासकर तब जब 2019 के चुनाव में AIMIM-VBA के बीच गठबंधन टूटने के बाद भी वे प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी से समर्थित एकमात्र उम्मीदवार थे।
अपने संबोधन में, कादरी ने अपने समर्थकों के साथ अपनी उलझन और निराशा साझा करते हुए कहा, 'पार्टी ने हाल ही में पार्टी में शामिल हुए रईस लश्करिया की उम्मीदवारी की घोषणा की है। फिर मेरे साथ क्या गलत है? अब लोगों को तय करना चाहिए कि मुझे क्या करना चाहिए और किस पार्टी से चुनाव लड़ना चाहिए।'
कादरी ने ओवैसी को सीधे पत्र लिखकर अपनी उम्मीदवारी के बारे में स्पष्टीकरण मांगी है। उन्होंने पीटीआई से कहा, 'मैं अपने लोगों से बात कर रहा हूं (अगली कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करने के लिए)।'
महाराष्ट्र में पिछली बार ओवैसी की पार्टी एक संसदीय सीट जीत गई थी, तब से वह राज्य में अपने लिए खास भूमिका देखने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications