'एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी बनेगी भारत की PM', ओवैसी के बयान पर भड़के नितेश राणे ने दिया करारा जवाब
AIMIM chief Owaisi statement: महाराष्ट्र में मुंबई समेत 19 महानगरपालिका चुनाव को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। महाराष्ट्र के महानगरपालिका चुनाव प्रचार के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री पद को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसने राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है। एक कार्यक्रम में ओवैसी ने भारत- पाकिस्तान के संवैधानिक प्रवाधानों की तुलना करते हुए दावा किया है कि "हिजाब पहनने वाली महिला एक दिन भारत की प्रधानमंत्री बनेगी।" जिस पर महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने पलटवार करते हुए करारा जवाब दिया है।
दरअसल, सोलापुर में एक कार्यक्रम के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "भारतीय संविधान हर नागरिक को समान अवसर देता है, वहीं पाकिस्तान के संविधान में प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पद के लिए धार्मिक शर्तें तय हैं।"

'भारतीय संविधान हर नागरिक को मौका देता है'
ओवैसी ने भातरीय संविधान की तारीफ करते हुए कहा, "पाकिस्तान में केवल एक विशेष धर्म का व्यक्ति ही प्रधानमंत्री बन सकता है। इसके विपरीत, डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान किसी भी नागरिक को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बनने की अनुमति देता है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
'इंशाअल्लाह! एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी बनेगी भारत की PM'
इसी दौरान AIMIM प्रमुख ने एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी के प्रधानमंत्री बनने के अपने सपने को बताया। ओवैसी ने कहा कि यह सपना संविधान की उस भावना को दर्शाता है जो सभी नागरिकों को समान अधिकार व अवसर देती है। उन्होंने जोर दिया कि भारत का संविधान धर्म, जाति या पहनावे के आधार पर किसी भेदभाव की इजाजत नहीं देता। ओवैसी ने युवाओं और अल्पसंख्यक समुदायों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। AIMIM प्रमुख ने दोहराया कि संविधान से मिले अधिकारों की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाना लोकतंत्र का अभिन्न अंग है।
नितेश राणे ने दिया करारा जवाब
ओवैसी के इस बयान से सियासी विवाद तेज हो गया। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी, कहा, "भारत एक हिंदू राष्ट्र है और यहां हिजाब या बुर्का पहनने वाली महिलाएं न प्रधानमंत्री बनेंगी और न मुंबई की मेयर।" उन्होंने कहा 'यह हमारा हिंदू राष्ट्र है, जहां 90% आबादी हिंदू है। जो लोग ऐसे पदों पर आसीन होना चाहते हैं, उन्हें कराची जैसे अपने इस्लामी देशों में चले जाना चाहिए। यहां उनके लिए कोई जगह नहीं है।"
राणे के बयान पर वारिस पठान ने किया पलटवार
राणे की इस टिप्पणी पर AIMIM नेता वारिस पठान ने तुरंत पलटवार किया। पठान ने स्पष्ट किया कि भारत किसी व्यक्ति की सोच से नहीं, बल्कि "संविधान से चलता है"। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान के अनुसार कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री, राज्यपाल या मेयर बन सकता है। पठान ने कहा, "ओवैसी के बयान में कुछ भी गलत नहीं है और AIMIM किसी भी धमकी से डरने वाली नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications