महाराष्ट्र में विरोध कर रहे ट्रक ड्राइवरों ने पुलिस पर किया हमला, पुलिकर्मियों को मारे पत्थर
देश भर में सैकड़ों ट्रक चालक हिट-एंड-रन मामलों के लिए नए दंड कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इसी क्रम में महाराष्ट्र के नवी मुंबई में नए हिट-एंड-रन कानून के खिलाफ ट्रक ड्राइवरों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ट्रक ड्राइवरों ने मुंबई पुलिसकर्मी पर हमला किया और उन्हें भगा दिया।

नवी मुंबई में ये घटना तब हुई जब जेएनपीटी रोड पर पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क की नाकाबंदी को हटाने की कोशिश कर रहे थे।
घटना के एक वीडियो में लाठियों से लैस लोगों के एक समूह को पुलिसकर्मी पर हमला करते और उसे भगाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो जो सामने आया है उसमें कुछ लोगों को पुलिकर्मियों को पत्थर मारते हुए भी देखा जा सकता है।
वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि पुलिस अधिकारी अंततः खुद को बचाने के लिए भाग रहा है और भीड़ उसका पीछा कर रही है। नवी मुंबई सर्कल के डीसीपी विवेक पानसरे ने कहा कि घटना के बाद लगभग 40 ड्राइवरों को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही डीसीपी ने कहा सभी ट्रक चालकों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहिए। जो लोग कानून हाथ में लेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि देश भर में सैकड़ों ट्रक और वाणिज्यिक वाहन चालक हिट-एंड-रन मामलों के लिए नए दंड कानूनों का विरोध कर रहे हैं। भारतयीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत, जिसने हाल ही में औपनिवेशिक युग के भारतीय दंड संहिता की जगह ली है, ऐसे ड्राइवर जो लापरवाही से गाड़ी चलाकर गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बनते हैं और पुलिस या प्रशासन के किसी भी अधिकारी को सूचित किए बिना भाग जाते हैं, उन्हें 10 साल तक की सजा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications