महराजगंज: अंबेडकर की प्रतिमा टूटी मिलने पर भड़के लोग, तनाव के बाद गांव में फोर्स तैनात
Maharajganj news, महराजगंज। यूपी के महराजगंज जिले के सदर कोतवाली थानाक्षेत्र के अमूर्तियां गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को निशाना बनाया गया है। बाबा साहेब की प्रतिमा को बीती रात अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। मूर्ति बदलने और गुनहगारों की गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीण अड़े हुए हैं। फिलहाल, मूर्ति तोड़ने की घटना के पीछे कौन है इसका पता नहीं चल पाया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दी गई है और पुलिस दोषियों की तलाश कर रही है।

प्रतिमा टूटी देख भड़के लोग
बता दें कि जब रविवार की सुबह लोग अंबेडकर जंयती मनाने के लिए अमूर्तियां की अंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचे तो मूर्ति टूटी देख भड़क उठे। बाबा साहेब की मूर्ति के टूटने की सूचना इलाके में आग की तरह फैल गई और धीरे-धीरे लगभग सैकड़ों की संख्या में बहुजन समाज के लोग इकट्ठा होने लगे और जमकर सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
ये भी पढ़ें: महराजगंज लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज

मौके पर पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से ग्रामीण प्रतिमा तोड़ने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम मौके पर पहुंच कर अक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर हालात को काबू में किया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जल्द होगी गिरफ्तारी
अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मूर्ति मरम्मत का कार्य चल रहा है, जल्दी मूर्ति को स्थापित कर दिया जाएगा और अराजक तत्वों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पहले अराजक तत्वों की गिरफ्तारी की जाए उसके बाद ही मूर्ति स्थापित की जाए।












Click it and Unblock the Notifications