मध्य प्रदेश: चुनावों से पहले भाजपा स्टार प्रचारकों की फर्जी लिस्ट हुई जारी, एमजे अकबर सहित इन नेताओं का है नाम
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल होने बाद अब भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची वायरल हुई है। इस सूची में सीएम शिवराज का नाम शामिल नहीं है। वहीं इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित 20 दिग्गज नेताओं के नाम दिए गए हैं। इसके अलावा वायरल स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व वित्त मंत्री राघवजी और अपने पद से इस्तीफा दे चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर का नाम शामिल हैं। इस सूची को भी फर्जी बताया जा रहा है। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशियों की सूची वायरल हो चुकी है, जिसे दोनों ही पार्टियों ने फर्जी बताया था।

भाजपा में शामिल हुईं कांग्रेस की स्टार प्रचारक साध्वी प्रियंका भारती
पिछले चुनाव में कांग्रेस की स्टार प्रचारक रहीं साध्वी प्रियंका भारती बुधवार को कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भाजपा में शामिल किया। साध्वी प्रियंका भारती अपने समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा में शामिल हुईं। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने उन्हें विधिवत पार्टी में शामिल किया। सिंह ने भाजपा में उनका स्वागत किया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए साध्वी प्रियंका भारती ने कहा कि कांग्रेस में जाना मेरी भूल थी। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी पार्टी है और भारतीय मूल्यों के प्रति समर्पित संगठन है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर मैं गौरव का अनुभव कर रही हूं।
आरएसएस से संबंधित फर्जी दस्तावेज भी आए थे बाहर
मध्य प्रदेश चुनावों के मद्देनजर बीते दिनों आरएसएस से संबंधित एक पर्चा लीक हुआ था। इस पर्चे में मध्य प्रदेश में किसे कहां से चुनाव लड़ना है इस बात की चर्चा की गई थी। हालांकि आरएसएस के पदाधिकारियों द्वारा इस पर्चे को फर्जी बताया गया था। इस पर्चे में शिवराज सिंह चौहान से लेकर कई बड़े नेताओं का नाम था जिन्हें उनके क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए मना किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications