वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, ट्रेन रुकते ही सामान उठाकर बाहर भागे लोग
Vande Bharat train fire: मध्य प्रदेश में रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन के लिए निकली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में अचानक आग लग गई। रेलवे स्टाफ को जैसे ही जानकारी लगी ट्रेन को बीना जंग्शन के कुरवाई कैथोरा स्टेशन के पास रोका गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया है।
MP के रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन की ओर जा रही वंदेभारत के एक कोच की बैटरी में अचानक कुरवाई कैथोरा स्टेशन के पास आग लग गई। आग की खबर से ट्रेन में बैठे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। जैसे ही ट्रेन रुकी, सारे यात्री गाड़ी से सामान सहित बाहर निकल आए। सूचना पर बीना नगरपालिका व रिफाइनरी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग को बुझाया। बीना से रेलवे ने दुर्घटना राहत यान भी मौके के लिए रवाना कर दिया है।

भोपाल से ट्रेन क्रमांक 20171 वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन के लिए रवाना हुई। बीना के पहले 7 बजकर 10 मिनट के आसपास कुरवाई कैथोरा स्टेशन के समीप ट्रेन के सी 14 कोच के नीचे से अचानक धुआं निकला और आग लग गई। आग देख ट्रेन रोकी गई। आग की खबर से ट्रेन में अफरा तफरी मच गई और लगभग सभी यात्री सामान सहित ट्रेन से बाहर आ गए। बताया जा रहा है कि ट्रेन में 36 यात्री थे। आग कोच के नीचे लगी बैटरी में लगी थी। ट्रेन में आग देखकर आसपास से ग्रामीण दौड़े। बीना नगरपालिका से फायर ब्रिगेड बुलाई गई। जो साढ़े आठ बजे तक पहुंची।
Recommended Video

राज्यरानी ट्रेन से पहुंचे अधिकारी, ट्रेन के कोच का किया निरीक्षण
बीना से 9 बजे रेल अधिकारी राज्यरानी एक्सप्रेस से कुरवाई कैथोरा पहुंचे। उन्होंने वंदेभारत एक्सप्रेस के उस बैटरी बाक्स का जायजा लिया, जिसमें आग लगी थी। सीएंडडब्ल्यू स्टाफ ने बाक्स से बैटरी को निकाला और दूसरे कोच से बायपास कनेक्शन देकर ट्रेन को रेडी कर दिया। बीना से एडीईएन अरविंद कुमार, सीएंडडब्ल्यू इंचार्ज रामेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंचे थे। साढ़े नौ के बाद ट्रेन हजरत निजामुद्दीन के लिए रवाना हो गई।
कल्हार स्टेशन पर दिखा था धुंआ, मंडीबामोरा स्टेशन पर दिखी आग
जानकारी अनुसार ट्रेन के सबसे आखिरी कोच में आग लगी थी। रेल अधिकारियों के मुताबिक संभवतः कल्हार स्टेशन से धुआं निकलना शुरू हुआ होगा। मंडीबामोरा स्टेशन से थ्रू ट्रेन थी। जैसे ही पूरी ट्रेन निकली, आखिरी कोच के नीचे से आग देखी गई। तत्काल मंडीबामोरा स्टेशन मास्टर ने कुरवाई कैथोरा स्टेशन पर सूचना दी और सिग्नल को डाउन कराया। सिग्नल रेड होने पर गाड़ी रुकी और फिर ट्रेन स्टाफ को आग का पता चला।












Click it and Unblock the Notifications