राहुल गांधी पर जमकर बरसे CM योगी आदित्य नाथ, बोले- कांग्रेस में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को खाना पड़ता था डंडा
रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा के भारकच्छ पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस को समस्याओं की पार्टी बताया, जबकि भाजपा को उसका समाधान। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह एक खुश खबरी इस विधानसभा चुनाव के बहाने देने आए हैं कि 22 जनवरी को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में राम लला विराजमान होने वाले हैं, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।
उदयपुरा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र शिवाजी पटेल के समर्थन में सभा करने पहुंचे यूपी सीएम ने कहा कि कांग्रेस समस्याओं की पार्टी है और भाजपा समाधान की। चुनाव व्यक्ति नहीं पार्टी विचारधार लड़ती है यह भी विचारधार की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी है जिसने मप्र और देश में लंबे समय तक शासन किया, लेकिन बदले में समस्या दी।

कांग्रेस मध्यप्रदेश को पहचान नहीं दिला पाई
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस का मध्यप्रदेश में कई साल राज रहा,लेकिन मध्यप्रेदश को पहचान नहीं दिला पाई। भाजपा की सरकार ने बीस सालों में प्रदेश को अग्रणी राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। कांग्रेस के जमाने में किसी ने नहीं सोचा होगा कि पन्ना में भी मेडिकल कॉलेज होगा, लेकिन आज है। अगर जनप्रतिनिधी अच्छा होगा और सरकार अच्छे लोगों की होगी तो विकास को कोई नहीं रोक सकता। योगी ने कहा कि लाडली बहना योजना ने नई लहर देश में पैदा कर दी है। पहले लोग बीमार होते थे तो सब कुछ बिक जाता था,लेकिन आज 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है।
राहुल गांधी को हार का अहसास हो गया
आदित्यनाथ योगी ने कहा कि फाइनल मुकाबले से पहले सेमीफाइनल के चुनाव में राहुल गांधी को यह अहसास हो गया है कि कांग्रेस बुरी तरह से हार रही है, इसलिए मैदान छोड़कर भाग गये हैं। श्री योगी ने कहा कि अच्छी बात है कि संकट के समय कांग्रेस के नेता केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं। केदारनाथ, काशी विश्वनाथ की पूरी तस्वीर अब मोदी जी के राज में बदल चुकी है। डबल इंजन की सरकार ने इस काम को तेज गति से किया है।

हमारा और आपका रिश्ता करीब का
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों बुंदेलखंड आदि इलाका उत्तरप्रदेश से काफी करीब है। हमारा और आपका रिश्ता भी करीब है। चाहे रिश्तेदारी बात हो या स्वास्थ्य,रोजगार के लिए आना-जाना लगा रहता है। उत्तरप्रदेश में 6 सालों में हर क्षेत्र में विकास हुआ उसका लाभ यहां की जनता को भी होता है।
गैस सिलेंडर के लिए लोगों को खाना पड़ता था डंडा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश में सालों तक राज करने के बाद शौचालय तक नहीं दे पाई, गैस कनेक्शन तक नहीं दे पाई। लोगों को रहने के लिए आवास तक नहीं दे पाई। कांग्रेस राज में तो त्योहारों के सीजन में सिलेंडर के लिए लोगों को पुलिस का डंडा तक खाना पड़ता था। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राज में जब चाहो सिलेंडर लिया जा सकता है।

11 नवंबर को दिया लगाकर कांग्रेस से मुक्ति पानी है
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा। अयोध्या में 11 नवंबर को दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उस दिन भगवान के सामने एक दिया जलाकर बस कांग्रेस से मुक्ति पाना है और भाजपा को चुनावों में प्रचंड बहुमत से जिताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हाथों को मजबूत करना है।
श्री योगी ने पृथ्वीपुर में भी जनसभा को किया संबोधित
योगी आदित्यनाथ ने निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में भाजपा प्रत्याशी डॉ शिशुपाल यादव और निवाडी से प्रत्याशी श्री अनिल जैन के समर्थन में भी जनसभा को संबोधित किया। श्री योगी आदित्यनाथ योगी ने कहा कि आतंकवाद कांग्रेस की देन है। नक्सवाद और उग्रवाद कांग्रेस की देन रही है। कांग्रेस ने हमेशा विकास को रोकने का काम किया है। पिछली बार भी यहां से आपने कमल का निशान चुना था,इस बार भी कमल के निशान पर वोट करके प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना है।












Click it and Unblock the Notifications