Ujjain Minor Case: 'वह मेरी बच्ची हो सकती थी', आरोपी के पिता ने बेटे के लिए मौत की सजा की मांग की
Ujjain Minor Case: उज्जैन में 12 साल की लड़की से कथित तौर पर रेप के मामले में आरोपी के पिता ने बेटे के लिए मौत की सजा की मांग की है। इसके साथ ही स्थानीय बार एसोसिएशन ने अपील की कि कोई भी वकील कोर्ट में आरोपी का बचाव न करे।
मीडिया से बातचीत में आरोपी के पिता ने कहा कि यह एक शर्मनाक कृत्य है। न मैं उससे मिलने अस्पताल गया हूं और न पुलिस स्टेशन। न ही मैं कोर्ट जाऊंगा। वह मेरी बच्ची हो सकती थी। मेरे बेटे ने अपराध किया है, इसलिए उसे फांसी दी जानी चाहिए।

उधर, उज्जैन बार काउंसिल के अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि इस घटना ने शहर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि हम अपने सदस्यों से आरोपियों का मामला नहीं उठाने की अपील कर रहे हैं।
रेप का आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार
करीब 12 साल की एक लड़की को घायल हालत में शहर की सड़कों पर घूमते हुए पाए जाने के तीन दिन बाद ऑटो रिक्शा चालक भरत सोनी को गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल जांच से पता चला कि लड़की के साथ रेप हुआ था। पुलिस के मुताबिक, सोनी को जांच के लिए अपराध स्थल पर ले जाते समय कथित तौर पर भागने की कोशिश करने पर चोट लगी थी। बच्ची इंदौर के शासकीय महाराजा तुकोजीराव होलकर महिला चिकित्सालय में भर्ती है। एक काउंसलर ने उससे बातचीत की और पाया कि वह एमपी के सतना जिले की रहने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications