MP News: शिवपुरी में घर के सामने दो भाइयों की गोली मारकर हत्या, विवाद में शामिल हुए 10 से ज्यादा आरोपी
Shivpuri News: शिवपुरी जिले के पिछोर में रविवार रात को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान विजय घावरी (40) और अजय घावरी (35) के रूप में की गई है। आरोपियों ने अवैध कट्टे का उपयोग कर दोनों भाइयों को पहले जमकर पीटा और फिर गोली मारकर फरार हो गए।
विजय और अजय घावरी अनाज मंडी के बाहर कई वर्षों से मीट की दुकान चला रहे थे। कुछ समय पहले शेरसिंह घावरी ने उनकी दुकान के पास अपनी मीट की दुकान खोल ली थी, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। रविवार रात को अजय और विजय का शेरसिंह से दुकान को लेकर विवाद हुआ था।

घटना के बाद रात करीब 8 बजे, शेरसिंह घावरी और उसके साथियों ने हाथों में अवैध कट्टे लेकर अजय और विजय के घर पर हमला किया। आरोपियों में सागर, संतोष, अमर, मनीष, सौरभ घावरी और उनके पिता शेरसिंह शामिल थे। उन्होंने घर पहुंचकर दोनों भाइयों को बुरी तरह पीटा और फिर गोलीबारी की। दोनों भाइयों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
इस मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। दैनिक भास्कर ने पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications