MP: नामीबिया से लाए गए दो चीतों को छोड़ा गया बड़े बाड़े में, जानिए PM Modi ने ट्वीट कर क्या कहा
MP: नामीबिया से लाए गए दो चीतों को छोड़ा गया बड़े बाड़े में, जानिए PM Modi ने ट्वीट कर क्या कहा
नामीबिया (Namibia) से पिछले दिनों आठ चीतों का मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के श्योपुर जिले (Sheopur) के कुनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) में लाया गया था। नामीबिया से आने के बाद चीतों को क्वारंटाइन कर दिया गया था, जिसका समय अब खत्म हो गया है। क्वारंटाइन का समय खत्म होने के बाद अभी केवल दो चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ गया। जबकि, 6 चीते अभी छोटे बाड़े में ही रह रहे हैं।

टास्क फोर्स समिति के सदस्यों ने शनिवार 05 नवंबर को लंबे मंथन के बाद दो चीतों को बड़े बाड़े में शिफ्ट किया है। तो वहीं, छह और चीतों को धीरे-धीरे बड़े बाड़े में शिफ्ट कर दिया जाएगा। आपको बता दें कि 2 चीतों को बड़े बाड़े में छोड़े जाने की खबर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर खुशी जताई है। पीएम मोदी ने 06 नवंबर की सुबह अपने ऑफिशिय ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते लिखा,
बढ़िया खबर! बताया गया कि अनिवार्य क्वारंटाइन के बाद 2 चीतों को कुनो निवास स्थान में और अनुकूलन के लिए एक बड़े बाड़े में छोड़ दिया गया है। जबकि अन्य चीतों को भी जल्द ही छोड़ा जाएगा। मुझे यह जानकर भी खुशी हुई कि सभी चीते स्वस्थ हैं, सक्रिय हैं और अच्छी तरह से तालमेल बिठा रहे हैं।
कुनो नेशनल पार्क में पीएम मोदी ने छोड़ा था चीतों को
दरअसल, नामीबिया से लाए गए इन आठ चीतों को पीएम मोदी ने 17 सितंबर को अपने जन्मदिन के दिन कुनो नेशनल पार्क में छोड़ा था। शुरुआत में चीतों को एक अलग छोटे बाड़े में रखा गया था। अब, उनमें से दो को बड़े बाड़े में स्थानांतरित कर दिया गया है। जो और बड़े एरिया में आसानी से घूम फिर पाएंगे। खास बात यह है कि ये चीते 50 दिन बाद अब शिकार भी कर पाएंगे, क्योंकि पार्क में चीतों के शिकार के लिए चीतल, हिरन जैसे जानवर मौजूद हैं।
वन मंत्री ने जताई थी नाराजगी
हालांकि, बताया जा रहा है कि दोनों चीतों को बड़े बाड़े में छोड़े जाने के फैसले की जानकारी वन मंत्री विजय शाह को नहीं दी गई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई है। मंत्री का कहना है कि अधिकारियों ने जल्दबाजी में यह फैसला लिया है, इससे चीतों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। क्योंकि पार्क में पहले से मौजूद तेंदुओं से अगर चीतों का टकराव हुआ तो परेशानी हो सकती है। मंत्री ने कहा कि 70 साल बाद चीतों को भारत लाया गया है, इसलिए उनकी सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications