MPPSC-2024 के प्री एग्जाम का पेपर लीक होने का मैसेज फर्जी, आयोग बोला- ऐसा हो नहीं सकता
MP News: देशभर में नीट एग्जाम के पेपर लीक होने का मामला गर्माया हुआ है। वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा का पेपर लीक होने का मैसेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था। जिस पर अब आयोग का बयान सामने आया है।
राज्य लोक सेवा आयोग ने वायरल पेपर लीक मामले को फर्जी बताया है। आयोग ने बताया कि ऐसे मैसेजेस को चलाने या फारवर्ड करने पर कार्रवाई की जाएगी। "हमारे पूरे प्रूफ सिस्टम में पेपर लीक की कोई सूचना नहीं है, और न हो सकती है।" एग्जाम निर्धारित तारीख 23 जून को समय पर ही होगी, जोकि राज्य वनसेवा परीक्षा के लिए भी लागू होगी।

मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा 110 पदों के लिए राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2024 (MPPSC-PRE) का आयोजन रविवार, 23 जून को दो शिफ्ट में किया जाएगा। इस परीक्षा में लगभग 1.83 लाख छात्र भाग लेंगे।
पहला पेपर सामान्य अध्ययन का सुबह 10 से 12 बजे और दूसरा पेपर सामान्य अभिरुचि का दोपहर 2.15 से 4.15 बजे तक होगा। उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड के साथ एक फोटोयुक्त परिचय पत्र जैसे वोटर आईडी, आधार कार्ड भी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। यदि किसी छात्र को परीक्षा से संबंधित कोई भी समस्या या सवाल हो, तो वह आयोग द्वारा नियुक्त 27 ऑब्जर्वर्स से फोन कॉल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
पेपर लीक से जुड़े वायरल मैसेज को लेकर, आयोग के अधिकारियों और सीनियर रिटायर्ड अफसर डॉ. पीसी दुबे और उच्च न्यायिक सेवा के रिटायर्ड अधिकारी एनसी नागराज ने बताया कि वायरल मैसेज फर्जी है। "MPPSC-2024 एग्जाम के पेपर ट्रेजरी (कोषालय) में ही बंद हैं और फुल प्रूफ सुरक्षा में है। बाहर ही नहीं आए तो लीक का सवाल कहां से हो गया? एग्जाम के दिन 23 जून सुबह ही पुलिस कस्टडी में पेपर के पैकेट बाहर आएंगे और वहां से सेंटर्स में पहुंचाए जाएंगे।
इसके अलावा पेपर चार सेट में होते हैं, और एग्जाम हॉल में ही किस कैंडिडेट को कौन सा सेट मिलेगा, यह तो परीक्षा के दिन ही पता चलेगा। सन 1956 से इस एग्जाम को आयोजित किया जा रहा है, और कभी भी पेपर लीक की गई रिपोर्ट नहीं आई है। छात्रों को इस बारे में कोई भ्रम नहीं होना चाहिए, क्योंकि परीक्षा निर्धारित तारीख और समय पर ही संपन्न होगी।"












Click it and Unblock the Notifications