सागर में फिल्मी स्टाइल में सराफा व्यापारी का अपहरण, लूट, क्राइम ब्रांच के अफसर बनकर आए थे लुटेरे
सागर, 13 जून। मप्र के सागर जिले के जरुवाखेडा में फिल्मी स्टाइल में सराफा व्यापारी के अपहरण और दुकान में लूट का मामला सामने आया है, लुटेरे काले रंग की कार में क्राइम ब्रांच के अधिकारी बनकर आए थे। बीते करीब 19 घंटों से व्यापारी लापता है। पुलिस मामले में छानबीन करने व सुराख खंगालने में जुटी है।

सागर जिले के जरुवाखेडा में एक सराफा व्यापारी के यहां बीती रात करीब 9 बजे क्राइम ब्रांच के अफसर बनकर कुछ लोग पहुंचे और एक पुरानी चोरी के नाम पर मुख्यालय पर पूछताछ के नाम पर ले गए, रात करीब एक बजे वापस लौटे और दुकान के ताले खोलकर सोने-चांदी का पूरा सामान और नकदी बटोर ले गए। सागर में इस तरह का मामला पहली दफा सामने आया है, जिसमें लुटेरे क्राइम ब्रांच के अफसर बनकर आए और सराफा व्यापारी का अपहरण कर लिया व ज्वेलर्स का सारा सामान बटोर ले गए।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार नरयावली थाना के जरुवाखेडा के मुख्य बाजार में मुन्नालाल जैन की विमल ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी जेवर की दुकान है। पडोसी दुकानदार अभिषेक जैन के बताए अनुसार बीती रात करीब नौ बजे मुन्नालाल जैन की दुकान पर काली डस्टर कार से कुछ लोग आए थे, वे अपने आप को क्राइम ब्रांच का अफसर बता रहे थे। मुन्ना लाल जैन के यहां पर पूर्व में चोरी हो चुकी है, उस संबंध में कुछ पूछताछ की बात कहकर मुन्नालाल को ले जा रहे थे, अभिषेक ने उनसे पूछा भी था कि कहां ले जा रहे तो बोले सागर में इनसे जानकारी लेना है, रात 11 बजे तक वापस छोड देंगे। वे अभिषेक से भी चलने का कहने लगे तो अभिषेक ने मना कर दिया। इसके बाद वे व्यापारी को लकर चले गए। सुबह करीब 10 बजे जब लडका खाना लेकर आया तो वे घर व दुकान पर नहीं मिले। उसने जानकारी ली और पडोसियों से पूछताछ की तो सारा मामला सामने आ गया।
रात 1 बजे वापस लौटे और दुकान खोलकर सामान ले गए
बदमाश रात करीब 1 बजे दोबारा लौटकर आए थे, कार बाहर खडी करके रखी थी। वे दुकान की चाबियां साथ लाए थे, ताला खोला अंदर जाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी बटोरकर रफू चक्कर हो गए। यह सारा घटनाक्रम दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। फुटेज में एक आरोपी का चेहरा भी नजर आ रहा है, पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है, हालांकि देर शाम तक व्यापारी मुन्नालाल जैन का कोई अता-पता नहीं था।
व्यापारी के मोबाइल ट्रेसिंग के आधार पर जांच
जरुवाखेडा में सराफा व्यापारी मुन्नालाल जैन को कुछ बदमाश अपने साथ ले गए थे, दुकान में सामान भी चोरी हुआ है। परिजन व पडोसियों की शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी है। आला अधिकारी भी मौके पर हैं। मोबाइल की आखिरी लोकेशन बरोदिया नौनागिर के आसपास मिली है।
-ज्योति सिंह, एडीशनल एसपी, सागर












Click it and Unblock the Notifications