Malwa Express: इंदौर में मालवा एक्सप्रेस के कोच से अचानक उठने लगा धुआं, यात्रियों में मची भगदड़
Indore Malwa Express Smoke: मध्य प्रदेश के इंदौर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मालवा एक्सप्रेस में पहियों में से अचानक धुआं उठने लगा। धुएं का गुब्बार देख यात्रियों में सनसनी फैल गई। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की सजगता से किसी भी तरह की बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना को लेकर PRO रेलवे खेमराज मीणा ने बताया कि अंबेडकर नगर से वैष्णो देवी जाने वाली मालवा एक्सप्रेस ट्रेन में घर्षण के कारण पहिए कोच में चिपक गए जिस कारण ट्रेन से धुआं निकलने लगा। इसी के साथ चिंगारी भी उठने लगी।

राजेंद्र नगर स्टेशन के पास हादसा
दरअसल, मालवा एक्सप्रेस महू से इंदौर की ओर जा रही थी। तभी राजेंद्र नगर स्टेशन के पास ट्रेन के पहुंचते ही कोच के नीचे पहियों में अचानक चिंगारी उठी और धुआं पैदा होने लगा। तेज आवाज से यात्रियों में हड़कंप फैल गया।
घटना का वीडियो आया सामने
इसके बाद सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रेन को रोका गया। जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने धुएं पर काबू पा लिया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे ट्रेन के कोच के नीचे से भारी धुएं का गुब्बार निकल रहा है।
घबराने की नहीं थी कोई बात
इस घटना पर PRO रेलवे खेमराज मीणा ने बताया, "अंबेडकर नगर से मालवा एक्सप्रेस चली थी। दरअसल घर्षण के कारण ट्रेन के पहिए एक कोच में चिपक जाते हैं। यह एक सामान्य प्रक्रिया है। इसके बाद इसे रिलीज करके ट्रेन को दोबारा संचालित कर दिया जाता है। इसमें आग लगने का कोई खतरा नहीं होता। इससे सिर्फ स्मॉग उत्पन्न होती है।"












Click it and Unblock the Notifications