Shivpuri News: पूर्व सरपंच के निधन पर अनोखी अंतिम यात्रा, श्मशान घाट तक डीजे पर नाचे परिजन
Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक वृद्ध की शव यात्रा में लोग शोक नहीं, बल्कि डीजे पर बजने वाले गानों की धुन पर नाचते-गाते जा रहे थे। अर्थी के आगे डीजे और पीछे डांस करते परिवार के लोगों को देख सब हैरान थे।
श्मशान पहुंचने पर वृद्ध के शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि 105 वर्ष की उम्र पार करने के बाद वृद्ध को स्वर्ग मिला है। इसलिये मातम नहीं मनाया गया।

जानकारी मुताबिक करैरा जनपद के ग्राम पंचायत चौका के पूर्व सरपंच भंवर सिंह यादव का निधन शुक्रवार को हो गया था। उनका निधन 105 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद हुआ है।
पूर्व सरपंच भंवर सिंह यादव कांग्रेसी नेता भी रह चुके थे। शतायु पूरी कर चुके पूर्व सरपंच भंवर सिंह यादव के निधन के बाद उनके बेटों और नातियों ने उन्हें अंतिम विदाई मातम के बीच खुशी-खुशी दी। पूर्व सरपंच भंवर सिंह यादव की अंतिम यात्रा के आगे डीजे फ़िल्मी गाने बजाते हुए चला।
वहीं पीछे-पीछे अर्थी के साथ परिजन व ग्रामीण भी चल रहे थे। जहां गांव के मुक्तिधाम पर पहुंचकर पूर्व सरपंच की अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को पूरा किया गया।
वैसे आमतौर पर देखा जाता है कि किसी की मौत के बाद उसके परिजन व उसके चाहने वाले मातम मनाते हुए अंतिम यात्रा निकालते हैं। लेकिन शिवपुरी के ग्राम पंचायत चौका में जो हुआ वह वाकई हैरान करने वाला था। पूर्व सरपंच भंवर सिंह यादव के निधन पर उनके परिजन रोने के बजाय डीजे में फिल्मी व भक्तिमय गानों की धुन पर नाचते हुए अंतिम यात्रा निकाली।












Click it and Unblock the Notifications