SC/ST एक्ट विरोध: ग्वालियर में निकाली गई जनाक्रोश रैली हुई उग्र, आत्मदाह की कोशिश
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एससी/एसटी एक्ट के विरोश में शनिवार को सवर्ण समाज ने जन आक्रोश रैली के रूप में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान सवर्ण समाज के लोगों ने राष्ट्रपति के नाम एक्ट को वापस लेने का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान एक युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर अग्निदाह करने का भी प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे अग्निदाह करने से रोक लिया।

शनिवार 8 सितंबर को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने जन आक्रोश रैली का आह्वान किया था। इस रैली में प्रबुद्ध नागरिक मंच, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, रक्षक मोर्चा सहित विभिन्न सवर्ण संगठन के लोग शामिल रहे। बता दें कि जिला प्रशासन ने रैली को कलेक्ट्रेट तक न ले जाते हुए जीवाजी यूनिवर्सिटी के गेट पर ही ज्ञापन लेने का निर्णय लेते हुए शुक्रवार की शाम को परमिशन दी थी।

ट्रैफिक किया गया डायवर्ट
प्रबुद्ध नागरिक मंच के बैनर तले राजा मान सिंह चौराहे से राजमाता विजयाराजे सिंधिया चौराहे तक निकाले गए पैदल मार्च को देखते हुए पुलिस को ट्रैफिक को डायवर्ट करना पड़ा। केवी1 तिराहे से तानसेन होटल की ओर जाने वाला ट्रैफिक जहां बस स्टेण्ड की ओर मोडा गया। वहीं शास्त्री चौराहे से मानसिंह चौराहे की ओर जाने वाला रास्ता भी रोका गया। इसके साथ ही सिटी सेंटर मुख्य मार्गों पर भी गलियों से रास्ते बंद किए गए जिससे कोई व्यवधान न हो सके।
सुरक्षा बंदोबस्त रहे पूरी तरह पुख्ता
प्रबुद्ध नागरिक मंच के बैनर तले निकाले गए पैदल मार्च में भीड को देखते हुए पुलिस प्रशासन यहां पूरी तरह अलर्ट रहा और बड़ी संख्या में जवानों को तैनात भी किया गया। पैदल मार्च के दौरान भी पुलिस रास्ते भर मार्च के साथ ही रही और ड्रोन की मदद से रास्ते भर नजर भी रखी गई।












Click it and Unblock the Notifications