व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल आई थी, फिर ब्लैकमेलिंग हो गई शुरू, शिक्षक से 11 लाख ठगे
मप्र की पन्ना पुलिस ने व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर अश्लील रिकॉर्डिंग कर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया है। पन्ना जिले के गुन्नौर थाने में एक शिक्षक को ब्लैकमेल कर करीब 11 लाख रुपए ठग लिए थे।


पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पन्ना जिले के गुन्नौर थाने में एक शिक्षक ने 10 दिसंबर 2022 को एफआईआर दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके मोबाइल पर वीडियो कॉल किया गया था। वीडियो कॉल में एक अनजान लडकी दिखी जो स्वयं अश्लील हरकतें कर रही थी। कुछ समय बाद अज्ञात नम्बर से मेरे मोबाइल में वीडियो कॉलिंग के दौरान का वीडियो भेजा जाकर मुझसे बोला गया कि जल्दी से तुम पैसा दिए गए बैंक अकाउन्ट में डालो नहीं तो वह अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर देंगे। कानूनी कार्रवाई करने की धमकी भी दी गई थी। बेज्जती के डर और अज्ञानतावश उन्होंने दिए गए बैंक अकाउंट में पैसा डाल दिया। इसके बाद लगातार शिक्षक के पास कभी पुलिस तो कभी सीआईडी अधिकारी बनकर तो सोशल मीडिया अधिकारी बनकर ब्लैकमेल किया जाता रहा। उन्होंने करीब 11 लाख रुपए ब्लैकमेलर के अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर सेल को सक्रिए कर ब्लैकमेलरों की पतासाजी कराई थी।

राजस्थान के भरतपुर की मिली लोकेशन
पन्ना एसपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मामले में पुलिस लोकेशन को ट्रेस करने व जानकारी जुटाने के बाद राजस्थान के भरतपुर पहुंची थी। यहां से पुलिस ने अनस मेव पिता अफजल मेव 25 साल निवासी मिरचुनी थाना टपूकडा तहसील तिजारा जिला अलवर राजस्थान, यूसुफ खान पिता असफाक खान 21 साल निवासी ग्राम उटाबड तहसील हथीन थाना उटावड जिला पलबल हरियाणा को गिरफ्तार किया था। इनके अन्य साथी फरार हो गए थे, जिनमें साजिद पिता सूबेदार खान निवासी कान्हौर थाना पहारी जिला भरतपुर राजस्थान, राशिद पिता सूबेदार खान निवासी कान्हौर थाना पहारी जिला भरतपुर राजस्थान, मुस्तफा खान निवासी खेड़ली मन्ना थाना पहारी जिला भरतपुर राजस्थान की पुलिस तलाश कर रही है। आरोपित के कब्जे से, पुलिस को 2 मोबाइल, 1 एटीएम कार्ड, 1 लैपटॉप एवं 15 हजार नकद किए हैं।
मेवाती गैंग कियोसक बैंक संचालित करते हैं, 90 लाख खातों में जमा कराए
Recommended Video

राजस्थान के मेवाती गैंग के गिरफ्तार दोनों सदस्यों से जब पूछताछ की गई तो सामने आया कि हम लोग महीने के हिसाब से मुस्तफा इन्टरप्राइजेज पहाड़ी भरतपुर राजस्थान में काम करते हैं। वहां पर तीन अन्य लोग ई-मित्र (कियोस्क बैंक) संचालित करते हैं। ये लोग वीडियो कॉल पर लड़की के माध्यम से अश्लील वीडियो बनवाते हैं और फिर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का काम करते हैं। ये पुलिस, सीआईडी, सोशल मीडिया अधिकारी बनकर लोगों को धमकाते हैं और पैसे खातों में ट्रांसफर करवाते हैं। पकड़े गए दोनों युवक खातों से पैसा निकालकर उन तक पहुंचाते थे, जिसमें से सभी को हिस्सा मिलता था। इनके 6 खातों में करीब 90 लाख रुपए जमा कराया गया है जो ब्लैकमेलिंग के माध्यम से जमा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications