MP News: पैसे लेकर शादी करने वाली लड़की गिरफ्तार, जानें कैसे शिकार फंसाती थी लुटेरी दुल्हन
Panna News: मध्य प्रदेश पुलिस ने आखिरकार लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरी दुल्हन पहले भोले-भाले लोगों को फंसाकर उनसे शादी करती फिर घर से कैश और जेवरात लेकर फरार हो जाती थी।
जिले में दुल्हन शादी के 8 दिन बाद ही सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई थी। पुलिस ने आरोपियों को कटनी से गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।

यह मामला सुनवानी थाना क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले संतोष कुमार शुक्ला ने 21 सितंबर 2024 को थाने में मामला दर्ज करायाथा। उन्होंने बताया कि उनके बेटे सोनू शुक्ला की शादी महिमा शर्मा से हुई थी। सबका विश्वास पाकर महिमा शादी के 8 दिन बाद ही सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई।
पुलिस ने संतोष कुमार शुक्ला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस गिरोह का सरगना शिव प्रताप सिंह उर्फ मोटू सिंह है। पुलिस को उसकी लोकेशन कटनी में मिली। एसपी साईं कृष्णा एस थोटा के निर्देश पर थाना प्रभारी वहीद खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटनी में दबिश देकर मोटू सिंह को हिरासत में लिया।
मोटू सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस ने इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें सुमित पाल, राजेश लोधी, रजनी रघुवंशी और गुंजन शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से आधा पेटी चांदी, मंगलसूत्र, पायल, 10 हजार रुपये नकद, फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले भी दमोह जिले में इसी तरह की ठगी कर चुके हैं। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications