पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने उगले 8 हीरे, मिट्टी छानते-छानते रातों-रात बन गए लखपति
हीरों के लिए विश्वविख्यात मप्र के पन्ना जिले की धरती इन दिनों खासी मेहरबान हैं। आए दिन लोगों को हीरे मिल रहे हैं। दमोह के प्रहलाद को एक साथ 4 हीरे मिले तो एक सरपंच व शमशेर नाम के शख्स को दो-दो चमचमाते हीरे मिले हैं। इन्हें हीरा कार्यालय में दमकते चेहरे के साथ जमा कराने पहुंचे लोगों ने बताया कि कड़ी मेहतन के बाद तकदीर ने उन्हें हीरे प्रदान किए हैं। पन्ना में लगातार खदानों से हीरे निकल रहे हैं। ऐसा लग रहा है, जैसे यहां हीरों की बारिश हो रही हो। आए दिन गरीब रातो-रात मालामाल हो रहे हैं, बेशकीमती हीरे पाकर लोग फकीर के अमीर बन रहे हैं।
Recommended Video

प्रहलाद पर रत्नगर्भा मेहरबान, एक साथ 4 हीरे मिले
दमोह जिले के रहने वाले प्रहलाद उपाध्याय ने पन्ना में हीरा खदान लेकर किस्मत आजमाने का फैसला किया था। उन्होंने नियमानुसार खदान लेने की प्रक्रिया पूरी कर पन्ना जिले के कृष्णा कल्याणपुर पटी क्षेत्र में खदान ली थी। दो दिन पहले उनकी किस्मत इस कदर चमकी कि एक दिन में 4 हीरे उनकी झोली में आ गए। हीरों का वजन 1.16, 0.67, 0.96 और 0.96 कैरेट है। उन्होंने हीरा कार्यालय में हीरे जमा करा दिए हैं। यहां एक से अधिक हीरे नसीब वालों को ही मिल पाते हैं।

कृष्णा कल्याणपुर पटी में ही सरपंच को मिले 2 हीरे
हीरा कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार जनकपुर के पूर्व सरपंच लखन लाल केवल ने कुछ महीनों पहले ही यहां हीरा खदान का पट्टा स्वीकृत कराया था। चूंकी इस क्षेत्र में लोगों को पूर्व में भी हीरे मिल चुके हैं, इस कारण उन्होंने इस इलाके में उथली खदान ली थी। बीते रोज उन्हें खदान से दो दमकते हीरे हाथ लगे। इसमें पहला हीरा 2.43 कैरेट तो दूसरा हीरा 0.96 कैरेट का है।

शमशेर खान की आखिर चमक उठी किस्मत
पन्ना के निवासी शमशेर खान पूर्व में हीरा खदान लेकर किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन उन्हें हीरे के दर्शन तक नहीं हुए थे। दोबारा उन्होंने ऊपर वाले पर भरोसा करके हीरापुर टपरियन में हीरा खदान का पट्टा लिया था। यहां काफी दिनों से वे हीरे की खदान में पसीना बताते रहे हैं। अब जाकर उनकी किस्मत ने पलटी मारी और अब वे रातों-रात मालामाल होने वाले हैं। पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने उन्हें एक साथ दो हीरे दे दिए हैं। इनमें पहला हिरा 4.14 कैरेट तो दूसरा हीरा 3.23 कैरेट का हीरा शामिल है।

सभी हीरे उज्जवल क्वालिटी के जमा कराए गए हैं
पन्ना जिला मुख्यालय पर कलेक्टोरेट कार्यालय में स्थित हीरा कार्यालय में जमा कराए गए सभी हीरे एक ही क्वालिटी के हैं। सभी 8 हीरे उज्जवल अर्थात जेम्स क्वालिटी के हैं। इनका कलर साफ है। सभी हीरों की कीमत का लगभग 30 से 40 लाख के आसपास बताई जा रही है। हालांकि इनकी वास्तविक कीमत नीलामी में ही तय होगी। प्रशासन द्वारा इस साल में दूसरी दफा नीलामी आयोजित की जा रही है। आगामी 18 अक्टूर से पन्ना में हीरों की नीलामी आयोजित की जा रही है। इसमें देश के अलग-अलग शहरों से हीरा व्यापारी, जौहरी और पारखी शामिल होंगे जो अनफिनिस्ड हीरे खरीदते हैं।

हीरे की कुल कीमत का 88 फीदसी हीरा मालिक को मिलता है
हीरा कार्यालय में पदस्थ हीरा पारखी अनुपम सिंह ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सभी हीरे आगामी 18 अक्टूबर को आयोजित नीलामी में रखे जाएंगे। इसमें प्रशासन हीरे की कीमत तय करता है, उसके बाद इसकी बोली लगाई जाती है। सबसे अधिक बोली लगाने वाले को हीरा दे दिया जाता है। एक महीने में हीरे की कीमत जमा कर हीरा उसके सुपुर्द कर दिया जाता है। हीरे की जो बोली लगती है, उसमें से शासन की रायल्टी और अन्य टैक्स 12 प्रतिशत काटकर बाकी की राशि खदान स्वीकृत कराने वाले व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications