बागेश्वर धाम में कैंसर हॉस्पिटल की पीएम मोदी ने रखी आधारशिला, कहा- यहां मिलेगा भजन, भोजन और निरोगी जीवन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 23 फरवरी को मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां छतरपुर में पीएम मोदी ने बागेश्वर धाम बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसी के साथ, बागेश्वर धाम में कैंसर चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी। 200 करोड़ से अधिक की लागत वाले इस हॉस्पिटल में कैंसर रोगियों को फ्री इलाज दिया जाएगा।
बागेश्वर धाम में कैंसर हॉस्पिटल की आधारशिला रखा पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'बहुत ही कम दिनों में मुझे दूसरी बार वीरों की इस धरती बुंदेलखंड आने का सौभाग्य मिला है। इस बार तो बालाजी का बुलावा आया है। ये हनुमान जी की कृपा है कि आस्था का ये केंद्र अब आरोग्य का केंद्र भी बनने जा रहा है।'

पीएम मोदी ने कहा कि अभी मैंने यहां बागेश्वर धाम कैंसर चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान का भूमिपूजन किया है। ये संस्थान 10 एकड़ में बनेगा, पहले चरण में ही इसमें 100 बेड की सुविधा होगी। इतना ही नहीं, पीएम ने कहा कि आजकल हम देखते हैं कि नेताओं का एक वर्ग ऐसा है जो धर्म का मखौल उड़ाता है, उपहास उड़ाता है लोगों को तोड़ने में जुटा है।
बहुत बार विदेशी ताकतें भी इनका साथ देकर देश और धर्म को कमजोर करने की कोशिश करती दिखती है। हिंदू आस्था से नफरत करने वाले ये लोग सदियों से किसी ना किसी भेस में रहते रहे हैं। गुलामी की मानसिकता से घिरे लोग हमारे मत, मान्यताओं और मंदिरों पर और हमारे संत, संस्कृति और सिद्धांतों पर हमला करते रहते हैं। ये लोग हमारे पर्वत, परंपराओं और प्रथाओं को गाली देते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग हमारे समाज को बांटना और इसकी एकता को तोड़ना चाहते है। ऐसे समय में धीरेंद्र शास्त्री लंबे समय से देश में एकता के मंत्र से लोगों को अवगत करा रहे हैं। अब वे समाज और मानवता के हित में एक और संकल्प पर पहुंचे हैं। ये है इस कैंसर संस्थान के निर्माण की योजना। यानी अब यहां बागेश्वर धाम में आपको भजन, भोजन और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिलेगा।
इतना ही नहीं, पीएम ने कहा कि भारत में कितने ही बड़े-बड़े अस्पताल हमारी धार्मिक संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे हैं। धार्मक ट्रस्ट के द्वारा हेल्थ और साइंस से जुड़े कितने ही रिसर्च इंस्टीट्यूट चलाए जा रहे हैं। करोड़ों गरीबों का इलाज और सेवा इन संस्थानों में होती है। मुझे खुशी है कि इस गौरवशाली परंपरा में बागेश्वर धाम के रूप में एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अब बागेश्वर धाम में आरोग्य का आशीर्वाद भी मिलेगा।
कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है, 'शरीर माध्यम खलु धर्म साधनम्' अर्थात हमारा शरीर,हमारा स्वास्थ ही हमारे धर्म, हमारे सुख और हमारी सफलता का सबसे बड़े साधन है इसलिए जब देश ने मुझे सेवा का अवसर दिया तो मैंने 'सबका साथ-सबका विकास' के मंत्र को सरकार का संकल्प बनाया। 'सबका साथ-सबका विकास' के इस संकल्प का भी एक बड़ा आधार है, 'सबका इलाज-सबको आरोग्य'।
ये भी पढ़ें: MP News: पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले बागेश्वर धाम में की गई फूड सैंपलिंग, छतरपुर में कड़े सुरक्षा इंतजाम












Click it and Unblock the Notifications