गोशालाओं को बनाया जाएगा स्वावलंबी, मंत्री लखन पटेल ने कहा- चलाया जाएगा जन जागृति अभियान
MP News: पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने मध्य प्रदेश राज्य पशु कल्याण सलाहकार मंडल की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गोशालाओं को स्वावलंबी बनाया जाएगा, जिससे वे स्वयं का खर्च उठा सकें। इसके लिए जन जागृति अभियान चलाया जाएगा और शासन की ओर से उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मंत्री लखन पटेल ने कहा कि प्रदेश में गौशाला में उत्पादित होने वाले उत्पादों के विक्रय के लिए प्रत्येक जिले में विक्रय केंद्र स्थापित किए जाएं। साथ ही गोबर एवं गोमूत्र से बनने वाले जैविक खाद, बायोगैस, कंडे, गोनाइल तथा अन्य उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जन जागृति की जाए।

इतना ही नहीं, उन्होंने अधिकारियों को गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए अनुदान पर बेलर मशीन, स्ट्रॉ रीपर, चेफ कटर उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। गौशालाओं में बिजली के बिल की राशि कम करने के लिए प्रधानमंत्री सोलर पैनल योजना अंतर्गत गौशालाओं में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएं।
बैठक में मार्गो/राजमार्गों पर विचरने वाले निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान के लिए विस्तृत चर्चा की गई। इसके समाधान के लिए सुझाव दिया गया कि निराश्रित घूमने वाले गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में रखा जाए और उनके पालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर दंड अधिरोपित किया जाए। गौशालाओं को कांजी हाउस का दर्जा देने संबंधी सुझाव पर भी कार्य किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications