MP CM: किसने रखा प्रस्ताव? जब मोहन यादव के नाम पर BJP नेताओं ने किया समर्थन और वो बन गए सीएम
MP CM: उज्जैन दक्षिण से हाल ही में निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. मोहन यादव को पार्टी विधायक दल ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में अपना नेता चुन लिया है। उनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किया, जिसका समर्थन पार्टी नेताओं ने किया।
भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। इस दौरान पार्टी पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ, के लक्ष्मण, पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा उपस्थित रहीं।

बैठक के शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों, बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों का स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर ने बैठक की प्रस्तावना रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विधायक डॉ. मोहन यादव का नाम विधायक दल के नेता के लिए प्रस्तावित किया।
मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव का अनुमोदन वरिष्ठ नेता नरेंद्रसिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव, तुलसी सिलावट ने किया। विधायक दल की सहमति पर मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
वरिष्ठ नेताओं ने किया स्वागत
विधायक दल का नेता निर्वाचित होने पर केंद्रीय पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया और बधाई दी।
नव निर्वाचित विधायक दल के नेता डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित विधायकों को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा उपस्थित विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी दी है, मैं उसके लायक नहीं हूं। लेकिन आप सभी के प्रेम और आशीर्वाद से उस जिम्मेदारी को पूरा करने का प्रयास करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications