Good Friday: सीएम मोहन यादव ने ईसा मसीह के बलिदानों को किया याद, दिया ये खास संदेश
Good Friday 2024: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'गुड फ्राइडे' के दिन ईसा मसीह के बलिदानों को याद किया। साथ ही, सीएम यादव ने संदेश देते हुए कहा कि ईसा मसीह की शिक्षाएं सदैव धर्म एवं मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेंगी। वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गुड फ्राइडे का दिन त्याग, प्रेम और बलिदान का प्रतीक है।
सीएम मोहन यादव ने अपने ऑफिशियल 'X' हैंडल पर लिखा, 'मानवता के कल्याण के लिए "गुड फ्राइडे" के दिन ही ईसा मसीह बलिदान हुए थे। प्रेम, दया और करुणा के प्रतीक ईसा मसीह की शिक्षाएं सदैव धर्म एवं मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।'

वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी गुड फ्राइडे पर ईसा मसीह को याद किया। उन्होंने अपने 'X' हैंडल पर लिखा, गुड फ्राइडे का दिन त्याग, प्रेम और बलिदान का प्रतीक है। आज ही के दिन ईसा मसीह सत्य, मानवता और धर्म के लिए बलिदान हुए थे। हम सब उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर जगत कल्याण के लिए प्रेम, सौहार्द और अपनत्व की भावना का प्रसार करें।
बता दें कि गुड फ्राइडे ईसाई समुदाय का बहुत खास पर्व है। इसे शोक दिवस के तौर पर भी मनाया जाता है। अंग्रेजी कैलेंडर के मुताबिर, हर साल अप्रैल के महीने में गुड फ्राइडे मनाया जाता है। हालांकि, इस साल 29 मार्च 2024 को गुड फ्राइडे मनाया जा रहा है। गुड फ्राइडे को ग्रेट फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे या होली फ्राइडे भी कहते हैं।
ऐसी मान्यता है कि मानव जाति की रक्षा के लिए प्रभु यीशु ने बलिदान दे दिया था। दरअसल, यीशु को यहूदी शासकों ने शारीरिक और मानसिक रूप से कई यातनाएं दीं और उन्हें सूली पर चढ़ा दिया। जिस दिन यीशु को सूली पर चढ़ाया गया था वो दिन शुक्रवार था। इसलिए यह दिन गुड फ्राईडे के रूप में जाना जाता है।
इसी वजह से ईसाई धर्म के लोग गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु के बलिदान को याद करते हैं। यह दिन ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए बेहद ही खास होता है। इस दौरान ईसाई समुदाय के लोग गिरजाघरों में जाकर प्रार्थना करते हैं। साथ ही प्रभु यीशु की याद में उपवास भी रखा जाता है। इस उपवास को करने के बाद मीठी रोटी बनाकर खाई जाती है।












Click it and Unblock the Notifications