पीएम श्री पर्यटन और धार्मिक पर्यटन हेली सेवा MP में हुई शुरू, CM मोहन यादव ने कही ये खास बात
MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार 14 मार्च को भोपाल में पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा और पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम यादव ने मंच से श्रद्धालुओं एवं पर्यटन प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि निश्चय ही इन सेवाओं से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की यात्रा सुगम होगी और प्रदेश की प्रगति को भी नई गति मिलेगी।
सीएम यादव ने कहा कि आज भोपाल में सिंगल क्लिक के माध्यम से वायुसेवा का शुभारंभ किया और आने वाले समय में खरगोन से भी हवाई जहाज उड़ेगा। उन्होंने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश भौगोलिक दृष्टि से बड़ा प्रांत है। सड़क और रेल मार्ग से तो प्रदेश में आवागमन की सुविधा विद्यमान है।

इसके साथ ही, अब राज्य शासन द्वारा हवाई मार्ग से भी कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कहा कि प्रदेश के धार्मिक पर्यटन, अन्य पर्यटन स्थान और बड़े शहरों तक हवाई सेवा का विस्तार प्राथमिकता से किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश पर ईश्वर की विशेष कृपा है।
अमरकंटक से निकलने वाली मां नर्मदा मध्यप्रदेश के साथ-साथ गुजरात की भी जीवन रेखा है। पीएम नरेंद्र मोदी की पहल पर देश को ऊर्जा और सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में मां नर्मदा का उल्लेखनीय योगदान रहा है। प्रदेश में आरंभ हो रही हवाई सेवा से धार्मिक के साथ-साथ व्यापारिक, प्रशासनिक गतिविधियों तथा सभी प्रकार की परिस्थितियों में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना त्वरित रूप से संभव होगा।
हमारा प्रयास होगा कि सभी जिलों में हवाई पट्टियां बने और अंतरराज्यीय हवाई सेवा का विस्तार हो। कहा कि इंदौर से महाकालेश्वर तथा ममलेश्वर (ओंकारेश्वर) के लिए हवाई सेवा के बाद केदारनाथ और यमुनोत्री के समान दतिया, मैहर, ओरछा आदि के लिए कम समय में दर्शन के लिए हेलिकॉप्टर सेवा आरंभ की जाएगी। प्रदेश के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों तक हवाई सुविधा के विस्तार का प्रयास होगा।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अन्य स्थान जैसे कान्हा, बांधवगढ़ तक वायु सेवा का विस्तार करने की भी योजना है। पूर्णतः राज्य शासन द्वारा पोषित इन योजनाओं से राज्य सरकार द्वारा धार्मिक तीर्थाटन के लिए संचालित योजनाओं को जोड़ कर प्रदेश में विद्यमान तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने की व्यवस्था की जाएगी। सीएम ने दोनों योजनाओं के शुभारंभ की घोषणा की। इस दौरान सीएम ने रिमोट का बटन दबाकर दोनों योजनाओं का शुभारंभ किया तथा झंडी दिखाकर दो विमान और एक हेलीकॉप्टर रवाना किए।












Click it and Unblock the Notifications