UPSC क्लियर करने वाले अभ्यर्थियों को CM मोहन यादव ने दी बधाई, कहा- 'कोशिश करने वालों की हार नहीं होती'
upsc result 2023: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 के नतीजे आज यानी मंगलवार 16 अप्रैल को घोषित कर दिए गए हैं। यूपीएससी क्लियर करने अभ्यर्थियों को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बधाई दी। साथ ही कहा, 'मुट्ठी खाली हर बार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती'।
सीएम मोहन यादव ने अपने ऑफिशियल 'X' पर एक के बाद एक तीन पोस्ट की है। सीएम यादव ने लिखा, संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 में सफलता प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपनी योग्यता एवं कार्य कुशलता से राष्ट्र एवं समाज की उन्नति में अभूतपूर्व योगदान देंगे।

इतना ही नहीं, सीएम यादव ने आगे लिखा, आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। सीएम ने अपने दूसरे पोस्ट में लिखा, मुट्ठी खाली हर बार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती। आज संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 का परिणाम आया है।
सभी सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई। आप में से जो बेटे-बेटी उत्तीर्ण नहीं हुए हैं, वे भी किसी बात की चिंता न करें, इसे भूलकर नई शक्ति व नव ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ें। मुझे विश्वास है कि बाबा महाकाल की कृपा से आप जीवन में नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेंगे। मेरी शुभकामनाएं और आशीर्वाद आप सबके साथ हैं।
वहीं, तीसरे ट्वीट में लिखा, संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2023 में चयनित मध्यप्रदेश के अभ्यर्थियों की सफलता से हृदय आनंदित है। मैं बाबा महाकाल से आप के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करता हूं एवं शुभकामनाएं देता हूं। जल्द ही आप सभी से मुलाकात होगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप का ज्ञान, ऊर्जा एवं योग्यता देश एवं मध्यप्रदेश को स्वर्णिम पथ पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












Click it and Unblock the Notifications