MP Election 2023: मध्य प्रदेश में एक ही चरण में 17 नवंबर को वोटिंग, 3 दिसंबर को नतीजे
Madhya Pradesh Assembly Election 2023: चुनाव आयोग ने आज मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश में एक ही चरण में मतदान होगा। 17 नवंबर को यहां वोटिंग होगी, जिसके नतीजे सभी राज्यों के साथ 3 दिसंबर को आएंगे।
मध्य प्रदेश में विधानसभा की कुल 230 सीटे हैं, जिसके लिए इस बार 5.6 करोड़ वोटर्स अपना वोट डालेंगे। जिसमें से 22.36 लाख पहली बार मतदान करने वाले मतदाता हैं। वहीं 2.88 करोड़ पुरुष और 2.72 करोड़ महिला वोटर्स की संख्या हैं।

जानिए कहां कब होगा मतदान?
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि मिजोरम में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर को होगा। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में होगा। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होगा। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 नवंबर को होगा। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा। सभी राज्यों में मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
बता दें कि मौजूदा एमपी विधानसभा का कार्यकाल अगले साल जनवरी में खत्म होगा। राज्य में इस वक्त बीजेपी की सरकार है। शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं।
2018 विधानसभा चुनाव का कैसा था हाल?
मध्य प्रदेश में पिछली बार साल 2018 में चुनाव हुआ था, जिसमें कुल 230 सीटों में से कांग्रेस ने 114 और भाजपा ने 109 पर जीत दर्ज की थी। जिसके बाद राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी थी। जिसकी कमान कमलनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में संभाली।
हालांकि फिर सियासी उठापटक हुई और फिर मार्च 2020 में, 22 कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा देकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी ज्वाइन कर ली। इसके बाद राज्य सरकार गिर गई थी और मुख्यमंत्री कमल नाथ को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद भाजपा ने राज्य में सरकार बनाई थी और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने थे। मौजूदा समय में विधानसभा में भाजपा के 127 और कांग्रेस के 96 सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications