मध्य प्रदेश के देवास में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में पद्मावती के घूमर गाने पर डांस करने पर लगाया बैन
मध्य प्रदेश के देवास में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में पद्मावती के घूमर गाने पर डांस करने पर लगाया बैन
भोपाल। मध्यप्रदेश के देवास के जिला शिक्षा अधिकारी ने फिल्म 'पद्मावती' के 'घूमर' गाने को जिले के स्कूलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल करने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। हालांकि इस आदेश के चर्चा में आने के बाद जिला कलेक्टर ने इस पर शिक्षा अधिकारी को फटकार लगाते हुए इस आदेश को वापस लेने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने इसको लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।

लिखित आदेश किया जारी
देवास के जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश सूर्यवंशी ने बुधवार को जिले के निजी और शासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को आदेश जारी किया है। इस आदेश में स्कूलों में किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में 'पद्मावती' फिल्म के हाल ही में रिलीज हुए गाने 'घूमर' को नहीं बजाने और इस गाने पर कोई डांस आदि ना कराने की बात कही गई है। इस आदेश में हिंदुत्व की भावना को ठेस न पहुँचे इसलिए स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 'घूमर' गाने को ना बजाने की बात कही गई है।

जिला कलेक्टर ने रद्द किया आदेश
इस आदेश के सोशल मीडिया पर बेहद वायरल हो जाने के बाद देवास जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने डीईओ के इस आदेश को रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निर्देश केवल राज्य सरकार की ओर से ही जारी किये जा सकते हैं। इसलिए इस आदेश को वापस लेने के साथ-साथ उन्हें तीन दिन में इस पर स्पष्टीकरण भी देने को कहा है।

शिवराज बता चुके पद्मावती को राष्ट्रमाता
इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रानी पद्मावती के चरित्र से संबंधित पाठ को अगले शैक्षणिक सत्र से मध्यप्रदेश के पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा कर चुके हैं और उन्हें राष्ट्रमाता बता चुके हैं। आपको बता दें कि पद्मावती पर फिल्म-निर्माता संजय लीला भंसाली के फिल्म बनाने के बाद इस पर लगातार विरोध हो रहा है। ये फिल्म जल्दी ही रिलीज हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications