मध्य प्रदेश में सरकार ने MSP पर की धान की रिकॉर्ड खरीद, 5 लाख से ज्यादा किसानों को भुगतान भी मिला
भोपाल। एक तरफ तो कृषि कानून के विरोध में राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 50 दिन से बैठे किसानों को सबसे ज्यादा डर MSP के खत्म होने का है तो वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश सरकार ने MSP पर धान की खरीद का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश में शुक्रवार तक राज्य सरकार ने 5.80 लाख किसानों से 37 लाख टन से ज्यादा धान की खरीदी गई और इसके लिए किसानों को पांच हजार करोड़ रुपये का भुगतान भी हो चुका है।
नवंबर में शुरू हुई थी धान की खरीद
आपको बता दें कि धान की MSP पर हुई इस खरीद ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले साल प्रदेश में 25.86 लाख टन धान की खरीद हुई थी, जो कि एक रिकॉर्ड था, लेकिन अब वो रिकॉर्ड टूट चुका है। प्रदेश में नवंबर से पंद्रह सौ से ज्यादा खरीद केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (1,868 रुपये प्रति क्विंटल) पर धान की खरीद शुरू हुई थी, जो 15 जनवरी को समाप्त हो गई। इस दौरान 37 लाख टन धान खरीदी गई। यह प्रदेश में हुई अब तक की धान खरीद का रिकॉर्ड है।
किसानों को MSP खत्म होने का है डर
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा MSP पर की गई धान की रिकॉर्ड खरीद भी उस वक्त हुई है, जब देश में MSP को खत्म किए जाने जैसी अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। नए कृषि कानून को लेकर किसानों के मन में एमएसपी के खत्म होने का डर है। हालांकि केंद्र से लेकर राज्य सरकार साफ कर चुकी हैं कि न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद बंद होगी और न ही मंडियां।