मध्य प्रदेश निकाय चुनाव: कड़े मुकाबले में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के खाते में 9-9 सीटें
भोपाल। मध्य प्रदेश में 19 नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। नतीजों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को ही 9-9 सीटें आई हैं। वहीं इस चुनाव में एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई है। बुधवार को इन सीटों पर मतदान हुआ था। शांतिपूर्वक मतदान में कुल 66 फीसदी वोट पड़े। जिसके नतीजे सामने आ चुके हैं। दोनों पार्टियों के वोट शेयर भी लगभग बराबर बताए जा रहे हैं।
19 सीटों के नतीजे घोषित
राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश निकाय चुनाव की सभी 19 सीटों के नतीजे घोषित किए। इनमें 9 निकाय में बीजेपी को जीत मिली है। वहीं 9 सीटें कांग्रेस के खाते में गई हैं। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने कब्जा जमाया है। मध्य प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में इस चुनाव के नतीजे प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
राघोगढ़ नगर पालिका चुनाव में भाजपा की करारी हार
राघोगढ़ नगर पालिका चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कुल 24 वार्डों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त जीत हासिल करते हुए 20 सीटों पर विजय का परचम लहराया है। भाजपा को यहां केवल 4 सीटें मिली हैं। राघोगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय का गढ़ माना जाता है।
सीएम शिवराज के लिए बेहद अहम हैं ये चुनाव
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतों के आम व उपचुनाव के लिए बीते बुधवार को वोटिंग हुई थी। शांतिपूर्वक हुए मतदान में कुल 66 फीसदी वोट पड़े। हालांकि मतदान के दौरान कुछ बूथों पर हल्की-फुल्की झड़प की भी घटनाएं सामने आईं।