सिर कुचल कर 500 फुट गहरी खाई में फेंका छात्र पांच दिन बाद जिंदा मिला
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बुरी तरह पीटकर और सिर कुचलकर खाई में फेंका गया 20 साल का छात्र पांच दिन बाद जिंदा मिला है। जिस तरह से छात्र के साथ ज्यादती की गई उसे देखते हुए पांच दिन बाद उसके जिंदा मिल जाने को पुलिस और परिजन इसे एक चमत्कार की तरह से देख रहे हैं। पांच दिन से गायब मृदुल नाम का ये युवक शुक्रवार को मिला है।

बीसीए में पढ़ रहा है मृदुल
सागर के शाहगढ़ का 20 साल का मृदुल इंदौर में रहकर बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। वह यहां मनु पर्देशीपुरा में अपने दोस्त सौरभ के साथ एक किराए के अपार्टमेंट में रह रहा था। 7 जनवरी को मृदुल अचानक लापता हो गया था, लगातार ढूंढ़ने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो मृदुल के दोस्त थाने पहुंचे और दोस्त के गायब होने की जानकारी दी। मृदुल के दोस्तों का कहना है कि पुलिस ने शिकायत तो सुन ली लेकिन इस पर ध्यान देते हुए तुरंत उनके दोस्त को ढूंढ़ने की कोशिश नहीं की।

परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शुरू की जांच
मृदुल के पिता मोहित भल्ला ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने की गुजारिश की तो पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मनु की कॉल डिटेल निकालकर मामले की जांच की। पुलिस ने जांच करते हुए अकाश रत्नाकर, रोहित और विजय को गिरफ्तार किया। इन तीनों से पुलिस ने पूछताछ की तो इनमें से एक आरोपी आकाश ने पुलिस को बताया कि उसकी एक लड़की से दोस्ती है और उसे शक था कि मृदुल से भी उसका अफेयर चल रहा है। ऐसे में उसने मृदुल को रास्ते से हटाने के लिए उसको मारने की योजना बनाई। जिसमें अपने दोस्तों को भी शामिल कर लिया।

बहाने से बुलाकर किया अगवा
आकाश ने बताया कि प्लान बनाने के बाद उसने अपने भाई से गाड़ी मांगी और मृदुल को फोन कर बहाने से बुला लिया। तीनों ने उसे बुलाकार कहा कि किसी जरूरी काम के लिए जाना है और वो कार में बैठ जाए। मृदुल कार में बैठ गया तो वे उसे इंदौर से 25 किलोमीटर दूर पेड़मी-उदयनगर रोड़ स्थित मुआरा घाट ले गए। इन्होंने मृदुल को बांधकर पत्थर से उसके सिर को कुचला और उसे मरा समझकर गहरी खाई में इसे धकेल दिया।
आरोपी पुलिस को वारदात की जगह पर लेकर गए तो मृदुल की बॉडी को निकाला गया। पुलिस ने देखा कि उसकी सांसे चल रही हैं। मृदुल को तुरंत इंदौर के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के पांच दिन पहले सिर कुचल कर 500 फीट गहरी खाई में फेंक देने की बात बताने के बाद वो तो बेटे की लाश के लिए ही पुलिस के साथ गए थे लेकिन भगवान ने चमत्कार किया और उनका बेटा जिंदा मिल गया।












Click it and Unblock the Notifications