Damoh: जिला अस्पताल के टीबी वार्ड से ऑक्सीजन की सप्लाई लाइन चोरी
दमोह जिला अस्पताल की टीबी यूनिट में कोविड काल में मरीजों के लिए सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई लाइन बिछाकर 40 पलंग पर सुविधा दी गई थी। बीते दिनों अज्ञात व्यक्ति पूरी ऑक्सीजन सप्लाई लाइन चुरा ले गए।

बुंदेलखंड के दमोह जिला अस्पताल में चोरी का गजब मामला सामने आया हैं। यहां जिला अस्पताल की टीबी यूनिट में चोर पूरी की पूरी ऑक्सीजन सप्लाई लाइन ही चोरी कर ले गए। कोविड काल के दौरान शासन ने मरीजों की जान बचाने के लिए यहां लाखों रुपए खर्च कर सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई लाइन बिछाई थी।
जिला अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार अस्पताल की टीबी एंड चेस्ट यूनिट के वार्ड में 40 पलंगों से लेकर आॅक्सीजन कंट्रोल रूम तक लगी ऑक्सीजन सप्लाई व सक्शन लाइन पूरी की पूरी चोरी चली गई। मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकती हैं। चोरी को लेकर जो जानकारी बताई जा रही है, उसमें अस्पताल के सामने के गेट से न कोई अंदर आया और न ही ताला टूटा मिला है। अस्पताल के मुख्य द्वार को कवर करने वाले सीसीटीवी कैमरे का डायरेक्टशन भी चोरों ने मोड़ दिया था। चोरी से पहले बाकायदा पूरी रेकी की गई, उसके बाद ऑक्सीजन सप्लाई लाइन की चोरी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने अस्पताल के पीछे के हिस्से से रात के अंधेरे में सेंधमारी कर आॅक्सीलन लाइन चुराई है।
Recommended Video

तांबे की होती है, सप्लाई लाइन, महंगा बिकता है
अस्पताल की आॅक्सीजन सप्लाई लाइन चोरी करने के पीछे जब कारणों पर विचार किया तो अस्पताल प्रबंधन इस नतीजे पर पहुंचा कि चोरों ने तांबे के लालच में यह ऑक्सीजन सप्लाई लाइन उखाड़कर चोरी की होगी। कारण यह लाइन प्योर तांबे की होती है और तांबा काफी महंगा बिकता है। अस्पताल से निकाली गई सप्लाई लाइन की कीमत करीब 6 लाख रुपए से अधिक हो सकती है।
कोतवाली पुलिस ऑक्सीजन लाइन का बिल मांग रही
ऑक्सीजन सप्लाई लाइन की चोरी को लेकर अस्पताल प्रबंधन के आरएमओ डाॅ. विशाल शुक्ला ने स्थानीय मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि टीबी अस्पताल में ऑक्सीजन लाइन चोरी होने की जानकारी के बाद अस्पताल के कर्मचारी द्वारा कोतवाली पुलिस को पूरी घटना की जानकारी लिखित में दर्ज कर आवेदन दिया है। कोतवाली पुलिस ऑक्सीजन सप्लाई लाइन का बिल मांग रही है। इस कारण अभी तक एफआईआर नहीं हो सकी है। डाॅ. विशाल के अनुसार केवल टीबी वार्ड की लाइन चोरी हुई है, बाकी इकाईयों जिनमें पीआईसीयू, ट्राॅमा, आईसीयू, एसएनसीयू, कोविड आईसीयू इकाईयों में ऑक्सीजन सप्लाई चालू है।












Click it and Unblock the Notifications