Khandwa News: खंडवा में कलयुगी बेटे ने बाप को फावड़े से काटा, नल कनेक्शन के लिए गड्ढा को लेकर हुआ था विवाद
Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में कलयुगी बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी है। यहां घर में नल का कनेक्शन लगाने के लिए गड्ढा खोदने के दौरान हुए विवाद में एक बेटे ने फावड़े से वार कर अपने पिता की जान ले ली है।
जानकारी मुताबिक घर में नल कनेक्शन लगाने के लिए दोनों पिता और पुत्र गड्ढा खोदने के लिए जगह का चयन कर रहे थे। इस दौरान पहले तो दोनों के बीच गाली गलौज हुई फिर विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने बाप पर गड्ढा खोदने के लिए रखे फावड़े से जोरदार हमला कर दिया। इससे पिता बेहोश होकर गिर पड़े। घर के अन्य सदस्य उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के अनुसार, खंडवा जिले के जावर थाने के अंतर्गत पड़ने वाले गांव सरई के रहने वाले मोतीसिंह पिता प्रेम सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हालांकि परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उनका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि पीठ पर गंभीर वार और अंदरुनी चोट के कारण मोतीसिंह की मौत हुई है।
इस बीच पुलिस को पता चला कि बीते रविवार को मृतक मोतीसिंह अपने लड़के भीमा उर्फ भीमसिंह के साथ घर के सामने ही पानी के नल कनेक्शन के लिए गड्ढा खोद रहे था। इस समय उनके लड़के भीमा और उनका आपस में गड्ढा खोदने की जगह का चयन करने को लेकर विवाद होने लगा। शुरू में तो पुत्र भीमा अपने पिता मोतीसिंह के साथ गाली गलौच करने लगा, लेकिन विवाद बढ़ने पर उसने गड्ढा खोदने के लिए रखा फावड़ा उठाकर अपने पिता मोतीसिंह की पीठ पर जोरदार वार कर दिया। बेटे की इस वार से पिता मोतीसिंह जमीन पर गिरकर तड़पते हुए बेहोश हो गए।
घटना के बाद आरोपी पुत्र भीमसिंह घटनास्थल से फरार हो गया। घायल मोतीसिंह को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए खंडवा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मोतीसिंह की मौत हो गई। फिर भी परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। इस बीच पुलिस भी जांच करते हुए अस्पताल पहुंच गई।
डॉक्टरों ने मृतक मोतीसिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया कि पीठ में लगी गम्भीर चोट, पसली टूटने और अन्दरुनी चोट के कारण पेट में खून जमा होने से उनकी मौत हुई है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हो पाया। पुलिस ने आरोपी भीमसिंह उर्फ भीमा को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications