MP News: मध्य प्रदेश में 11 दिन में तीसरी बार IAS अधिकारियों के तबादले, 12 अफसरों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट
Bhopal IAS Transfer News: मध्य प्रदेश में 11 दिन के भीतर तीसरी बार आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। बुधवार देर रात जारी आदेश के तहत 12 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं।
बुधवार के आदेश में संजय दुबे को प्रमुख सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया है। वर्तमान प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को प्रमुख सचिव वित्त के पद पर अमित राठौर की नियुक्ति की गई थी, लेकिन 24 घंटे के भीतर ही यह आदेश पलट दिया गया। अब प्रमुख सचिव वित्त का पद मनीष रस्तोगी के पास है। मंगलवार के आदेश में राठौर को प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर विभाग और प्रमुख सचिव कुटीर-ग्रामोद्योग विभाग (अतिरिक्त प्रभार) के साथ प्रमुख सचिव वित्त की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
वहीं, पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक इलैया राजा टी को अपर सचिव, मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। इस बदलाव के साथ, मोहन यादव सरकार की वित्तीय व्यवस्था अब मनीष रस्तोगी के हाथ में होगी। ये बार-बार के प्रशासनिक बदलाव मध्य प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गए हैं। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, ये परिवर्तन सरकार की रणनीति और प्रभावी प्रशासनिक प्रबंधन को दर्शाते हैं।
10 दिन बाद संजय दुबे को मिले और महत्वपूर्ण पद
मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल की लहर जारी है। 10 दिन पहले प्रमुख सचिव गृह विभाग से हटाए गए संजय दुबे को एक बार फिर से महत्वपूर्ण पद सौंपे गए हैं। मोहन सरकार ने उन्हें प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, प्रमुख सचिव (समन्वय), मुख्य सचिव कार्यालय और प्रमुख सचिव विज्ञान और प्रौद्योगिकी (अतिरिक्त प्रभार) के रूप में नियुक्त किया है। इससे उनकी भूमिका और प्रभावी स्थिति में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। संजय दुबे इससे पहले ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव रह चुके हैं।
धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग का संचालनालय उज्जैन में स्थानांतरित होने के बाद, मुख्यमंत्री ने इस विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर भी बदलाव किया है। अब तक प्रमुख सचिव का पद संभाल रहे ई रमेश कुमार को हटाकर, यह जिम्मेदारी प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति विभाग शिवशेखर शुक्ला को सौंपी गई है। इसके अलावा, अपर मुख्य सचिव एसएन मिश्रा को गृह, परिवहन और जेल विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है।
इसके साथ ही, मनीष सिंह, जो आठ महीने पहले जनसंपर्क आयुक्त रहते हुए लूपलाइन में चले गए थे, अब मुख्यधारा में लौट आए हैं। उन्हें आयुक्त हाउसिंग बोर्ड के पद पर नियुक्त किया गया है। मनीष सिंह मोहन सरकार के ट्रांसफर किए गए पहले अधिकारियों में से एक हैं, जिन्हें पहले राज्य उपभोक्ता प्रतितोषण विवाद आयोग का रजिस्ट्रार बनाया गया था। अब उनका अतिरिक्त प्रभार राज्य खाद्य आयोग के सदस्य सचिव शोभित जैन को सौंपा गया है।












Click it and Unblock the Notifications