फॉरेंसिक मेडिसिन: पोस्मार्टम के बजाय चल रही थी पॉलिटिक्स, इसलिए HOD ही बदल दिया
सागर, 6 अगस्त। मप्र के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के HOD के खिलाफ गंभीर आरोप लग रहे थे। स्टाफ को प्रताड़ित करने, विभाग में राजनीति कराने और अनैतिक रुप से रुपयों की डिमांड करने, न देने पर डॉक्टरों पर दबाव बनाने, सीआर खराब करने जैसे आरोप लग रहे थे। इसलिए HOD को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। उनकी जगह विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शैलेंद्र पटेल को विभाग का प्रभार दिया गया है।

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में बीते दिनों फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग एचओडी प्रोफेसर जयराम तायड़े व उनके अधिनस्थ एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शैलेंद्र पटेल, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गौरव तिवारी द्वारा संभाग कमिश्नर को 34 सूत्रीय शिकायती पत्र सौंपा गया था। इसमें दोनों डॉक्टरों ने प्रो. प्रवीण जयराम तायड़े की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने तक की धमकी दे डाली थी। जिसके बाद बीएमसी प्रबंधन में हडकंप मचा हुआ था। संभाग कमिश्नर व कॉलेज के ईसी अध्यक्ष मुकेश शुक्ला ने इस मामले में डीन डॉ. आरएस वर्मा से जानकारी ली थी और विभाग अध्यक्ष की कार्यप्रणाली के कारण उन्हें हटाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद डीन ने डॉ. तायड़े को हटाते हुए डॉ शैलेंद्र पटेल को विभागाध्यक्ष का प्रभार सौंपा है। उल्लेखनीय है कि इस खबर को वन इंडिया ने प्रमुखता से उठाते हुए खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।

फॉरेंसिक मेडिसिन में बेहतर काम के लिए प्रभार बदला है
बीएमसी के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग में एचओडी डॉ. प्रवीण जयराम तायड़े की कार्यप्रणाली को लेकर विभाग के स्टाफ में विवाद हो रहे थे, काम प्रभावित हो रहा था। मामले में शिकायत भी हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों से मिले निर्देश के बाद एचओडी का प्रभार बदलकर डॉ. शैलेंद्र पटेल को दिया गया है।
- डॉ. आरएस वर्मा, डीन, बीएमसी सागर












Click it and Unblock the Notifications