Balaghat: काली कमाई का कुबेर बिजली विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर, EOW छापे में मिली करोड़ों की संपत्ति
बालाघाट, 05 अगस्त: ईओडब्ल्यू की टीम ने बालाघाट में बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर के ठिकाने पर छापा मारा है। यह कार्रवाई जबलपुर की टीम के द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि दयाशंकर प्रजापति नाम के अधिकारी के खिलाफ आर्थिक अनियमितता और आय से अधिक संपत्ति की EOW को शिकायत मिली थी। सत्यापन के बाद प्रजापति के घर आज सुबह दबिश दी गई, तो करीब आय से 300 गुना ज्यादा संपत्ति का पता चला।

छापा पड़ते ही भागने लगे घर के लोग
जानकारी के अनुसार बालाघाट के भटेरा स्थित एक प्राइवेट स्कूल के पीछे प्रजापति के घर जब रेड हुई तो हडकंप मच गया। ईओडब्ल्यू टीम का पता लगते ही घर के लोग यहां-वहां भागने लगे। लेकिन जांच टीम ने सभी को एक ही जगह पर रहने कहा। प्रजापति समेत घर में मौजूद लोगों से अर्जित आय और व्यय संबंधी जानकारी खंगाली जा रही है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ उपपुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह के मुताबिक आरोपी अफसर के कई बैंकों में खातों, महंगी गाड़ी और प्रदेश में कुछ अन्य जगहों पर करोड़ों की संपत्ति होने का पता चला है।

बेख़ौफ़ होकर की काली कमाई
अब तक की जांच में सेंट मेरी स्कूल के पास बालाघाट में निर्मित 4 आलीशान मकान, लगभग एक दर्जन प्लॉट और मौके से लाखों की नकदी, गोल्ड मिला है। सूत्रों के मुताबिक प्रजापति ने बालाघाट में पोस्टिंग लेने के बाद जमकर काली कमाई की। आम लोगों के काम बगैर रुपए लिए कभी नहीं किए। पद पर रहते हुए कई ठेकेदारों से मोटा कमीशन लेने के आरोप भी इन पर लगते रहे। लेकिन राजनीतिक लोगों के बीच गहरी पैठ होने की वजह से हमेशा बचते रहे।

यहां इतनी संपत्ति, महंगी गाडियां
EOW की टीम की जांच अभी जारी है। प्रारंभिक तौर पर अभी जो दस्तावेज हाथ लगे है, उसके मुताबिक प्रजापति ने करोड़ों रुपए मकान और अन्य जमीनों में निवेश किए।
- सेंट मेरी स्कूल के पास बालाघाट में निर्मित 4 आलीशान मकान
- इन मकानों का कारपेट एरिया 2880 वर्गफुट, 3360 वर्गफुट, 2560 वर्गफुट 2560 वर्गफुट हैं।
- बालाघाट के वार्ड नंबर-22 में निर्मित 2 मकान, जिनके कारपेट एरिया 2100-2100 वर्गफुट हैं।
- बालाघाट जिले में ही ग्राम बूढ़ी में 5 प्लॉट, जिनके एरिया 0.542 हेक्टेयर 0 0.123 हेक्टेयचर, 0.024 हेक्टेयर, 0 0036 हेक्टेयर, 0.022 हेक्टेयर हैं।
- ग्रामीण इलाके गर्रा में 1 प्लॉट एरिया 0.405 हेक्टेयर,
- ग्राम गायखुर्डी में 1 प्लॉट एरिया 2250 वर्गफुट,
- मौजा बालाघाट में 5 प्लॉट एरिया 2790 वर्गफुट, 2700 वर्गफुट, 0.169 हेक्टेयर तथा 0.108 हेक्टेयर 0 0.147 हेक्टेयर के दस्तावेज मिले हैं।
- मकान और जमीनों के अलावा टीवीएस मोटर साइकिल एमपी-50 बीए 3293, हीरो होण्डा मोटर साइकिल एमपी-50 एमए 8855, मारुति सुजुकी कार एमपी-50 सी 1763 घर में खड़ी मिली है।

एमपी में इस हफ़्ते में यह तीसरी कार्रवाई
इस सर्च कार्यवाही के दौरान बाहरी किसी भी व्यक्ति को घर में आने नहीं दिया जा रहा है। जांच टीम में ईओडब्ल्यू के उप पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह, निरीक्षक लक्ष्मी यादव, निरीक्षक छविकांति आर्मो, निरीक्षक शशिकला मस्कुले, निरीक्षक मोमेन्द्र मर्सकोले, उप निरीक्षक कीर्ति शुक्ला एवं अन्य सदस्य शामिल है। इस मामले में और कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। आपको बता दें कि मध्यप्रदेश में इस सप्ताह में EOW की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। दो दिन पहले राजधानी भोपाल में एक क्लर्क और जबलपुर में नगर निगम के असिस्टेंट इंजीनियर के ठिकानों पर भी रेड हुई है। जिसमें दोनों लोग करोड़ों के आसामी निकले।
ये भी पढ़े-Jabalpur News: कैंट बोर्ड में सीबीआई का छापा, कई विभागों पर कसा शिकंजा, जांच जारी












Click it and Unblock the Notifications