देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड में मास्टरमाइंड की दिल्ली से गिरफ्तारी, पूछताछ में कई खुलासों की उम्मीद
Damoh News, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह के कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड मामले में दिल्ली से दो मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी हुई है। अब तक पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आठवां आरोपी बीती रात दिल्ली से पकड़ा है।
आईजी सतीश सक्सेना ने प्रेस वार्ता में बताया कि देवेन्द्र हत्याकांड के प्रमुख आरोपी गोलू ठाकुर एवं बलबीर सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। आईजी ने बताया कि इस मामले में 7 नामजद आरोपियों के साथ 19 अन्य आरोपी बनाए गए थे, जिसमें से सबसे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
वहीं इन लोगों की सहायता करने वाले एक आरोपी को झांसी से गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी चंदू सिंह पुलिस की दबिश से परेशान होकर स्वयं ही कोर्ट में सरेंडर हो गया। वहीं पुलिस ने अब इस घटना के मास्टरमाइंड गोलू ठाकुर एवं बलबीर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में आईजी सतीश चंद्र सक्सेना ने इस मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने पकड़े गए आरोपी मीडिया के सामने प्रस्तुत नहीं किए। आईजी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के स्थान को नहीं बताया सकता, लेकिन इस मामले में अभी तक 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। शीघ्र ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।