अंग्रेजों के जमाने की जेल 161 करोड़ में नीलाम, नई जेल बनाकर देगी कंपनी
दमोह जिला जेल का निर्माण 1894 में हुआ था। जब से अब तक यह इमारत बुलंद खड़ी थी, लेकिन अब नई जेल के लिए 129 साल पुरानी इस जेल को बेच दिया गया है। नया जेल भवन बनने के बाद उसमें जेल शिफ्ट होगी...

मध्य प्रदेश में सरकार ने अंग्रेजों के शासन काल में 129 साल पहले बनाई गई जेल को बेच दिया है। दरअसल बुंदेलखंड के दमोह में जिला जेल शहर के बीचों-बीच आ गई है। इसके लिए नई जेल का निर्माण किया जाना है। इस कारण विभाग ने पुरानी जेल को नीलाम कर दिया। इसमें सबसे अधिक बोली 161 करोड़ रुपए भोपाल की एक फर्म ने लगाई है।
राज्य सरकार दमोह की जिला जेल को बंद कर नई जेल जबलपुर बायपास मार्ग पर 25 एकड़ में बनाने का फैसला किया है। सबसे अहम नई जेल बनाने के लिए पुरानी जेल को बेच दिया गया। नई जेल बनाने का टेंडर भोपाल की योगेश एंड कंपनी को 161 करोड़ में मिला है। ये एजेंसी न केवल नई जेल बनाएगी, बल्कि पुरानी जेल को इसमें शिफ्ट कर यहां की जमीन की मालिक भी बन जाएगी। कुल मिलाकर वर्तमान 129 साल पुराने जिला जेल भवन व जमीन की मालिक भोपाल की फर्म होगी।
मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड दमोह के अधिकारियों के मुताबिक टेंडर लेने वाली एजेंसी तकरीबन 82 करोड़ रुपए की राशि से नई जेल की बिल्डिंग बनाएगी। बाकी राशि शासन के खाते में जाएगी। पुरानी जेल का परिसर कुल 12 एकड़ है। वहीं नई जेल 25 एकड़ की होगी, जिसमें 700 कैदी रखने की क्षमता व आधुनिक सुविधा विकसित की जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications