MP: दिग्विजय सिंह की कार ने युवक को मारी टक्कर, CCTV फुटेज आया सामने
दिग्विजय सिंह की कार ने एक युवक को टक्कर मार दी। हालांकि गलती युवक की ही थी, वो उल्टी दिशा में आ रहा था।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद उसको अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
चश्मदीदों के मुताबिक बाइक सवार उल्टी दिशा में जा रहा था। इसके बाद वो अचानक से मुड़ गया। वहीं दिग्विजय सिंह की काली एसयूवी सही दिशा में आ रही थी। अचानक बाइक सामने आने पर ड्राइवर ने ब्रेक मारी, लेकिन उसको टक्कर लग गई। जिसमें वो गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दिग्विजय सिंह भी तुरंत गाड़ी से उतरकर युवक के पास पहुंचे और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से उसे भोपाल के एक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में जीरापुर के सरकारी अस्पताल में तैनात डॉ. मनोज गुप्ता ने बताया कि युवक राजपुर के परोलिया का रहने वाला था। टक्कर के बाद वो गिरा और उसके सिर में चोट आई। उसकी हालत तो स्थिर है, लेकिन सिर के सीटी स्कैन की जांच जरूरी है। उसके लिए उसे भोपाल रेफर किया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के यहां गए थे सिंह
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश पुरोहित की माता का देहांत हो गया था। उनके यहां श्रद्धांजलि अर्पित करने दिग्विजय सिंह कोडक्या गांव गए थे। कुछ देर बाद वो वहां से राजगढ़ के लिए निकले। रास्ते में दोपहर तीन बजे के करीब ये हादसा हो गया। वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है। साथ ही कार चालक अख्तर खान को हिरासत में लिया। बाद में दिग्विजय सिंह दूसरी गाड़ी से वहां से आगे की ओर रवाना हुए।












Click it and Unblock the Notifications