MP Assembly Election 2023: बुंदेलखंड में बंडा की तासीर अलहदा, कभी भाजपा-कभी कांग्रेस पर जताया भरोसा
MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। बुंदेलखंड के छह जिलों की 26 विधानसभा सीटें भाजपा ओर कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी हैं। हम एक-एक सीट पर मतदाताओं, जातिगत समीकरण, परिवारवाद, पार्टी के वर्चस्व से लेकर तमाम बिंदुओं पर बात करेंगे। शुरूआत करते हैं सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट के समीकरण से। वर्तमान में यह सीट कांग्रेस के पास है। 2018 में कांग्रेस प्रत्याशी तरबर सिंह लोधी भाजपा को शिकस्त देकर विधानसभा पहुंचे थे। हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव में उनको भाजपा कड़ी चुनौती देने वाली है।

मध्य प्रदेश में 1977 में पहली दफा बंडा विधानसभा क्रमांक 42 से जनता पार्टी से शिवराज सिंह लोधी पहले विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। पूरे 46 साल बाद भाजपा ने उनके छोटे बेटे वीरेंद्र सिंह लम्बरदार को टिकट देकर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वीरेंद्र सरकारी शिक्षक हैं, इस कारण क्षेत्र में उनकी छवि भी काफी अच्छी है, लोग उन्हें काफी पसंद भी करते हैं। यहीं कारण है कि वर्तमान कांग्रेस विधायक तरबर सिंह लोधी के माथे पर भाजपा प्रत्याशी घोषित होते ही सिलवटें नजर आने लगी हैं। भाजपा ने लो प्रोफाइल और सरकारी स्कूल शिक्षक जो प्योर राजनीतिक बैकग्राउंड से होने के बावजूद आम जनता के बीच रहते हैं उन पर भरोसा जताकर मास्टर कार्ड खेला है।
4 दफा कांग्रेस तो 6 बार भाजपा के कब्जे में रही सीट
बंडा विधानसभा क्रमांक 42 में सबसे पहला विधानसभा चुनाव 1977 में हुआ था। मतदाताओं ने उस दौर में जनता दल के प्रत्याशी शिवराज सिंह जो लोधी समाज से आते हैं, उनको विधानसभा भेजा था। इसके बाद 1980 में यह सीट कांग्रेस के कब्जे में आ गई और प्रेमनारायण मिश्रा विधायक बने। 1985 से 1995 तक बीड़ी उद्योगपति व भाजपा के हरनाम सिंह राठौर विधायक रहे। 1993 में लिकर किंग संतोष साहू को कांग्रेस ने उतारा और जनता ने उन्हें विधानसभा पहुंचाया था। 1998 और 2003 में एक बार फिर भाजपा के हरनाम सिंह राठौर यहां से प्रतिनिधित्व करते रहे। 2008 में बंडा से कांग्रेस के नारायण प्रजापति, 2013 में पूर्व मंत्री हरनाम सिंह के बेटे हरवंश सिंह राठौर तो 2018 में कांग्रेस के तरबर सिंह लोधी यहां से विधायक बने।
साल 2023 में कांग्रेस-बीजेपी में सीधी टक्कर
सागर जिले की बंडा विधानसभा में इस दफा कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला होगा। उम्मीद है कि कांग्रेस से विधायक तरबर सिंह लोधी और भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह लंबरदार के बीच सीधी टक्कर होगी। यहां करीब 2 लाख 38 हजार 915 से अधिक मतदाता मौजूद हैं। साल 2018 में कांग्रेस को कुल 84 हजार 456 अर्थात 52 प्रतिशत और भाजपा के हरवंश सिंह 60 हजार 292 मत अर्थात 37 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे।
सागर जिले की बंडा विधानसभा
वोटर: 238915
पुरूष: 1,27,896
लोधी: 43 हजार
यादव: 38 हजार
बाकी: अन्य
कब-कब कौन, किस पार्टी के विधायक बने
2018: तरबर सिंह लोधी - कांग्रेस
2013: हरवंश सिंह राठौर - भाजपा
2008: नारायण प्रजापति - कांग्रेस
2003: हरनाम सिंह राठौर - भाजपा
1998: हरनाम सिंह राठौर - भाजपा
1993 संतोष साहू - कांग्रेस
1990: हरनाम सिंह राठौर - भाजपा
1985: हरनाम सिंह राठौर - भाजपा
1980: प्रेमनारायण मिश्रा - कांग्रेस
1977: शिवराज सिंह लोधी - जनता पार्टी












Click it and Unblock the Notifications