मध्य प्रदेश: शराबबंदी की मांग को लेकर फिर एक्टिव हुईं उमा भारती, शुरू किया अभियान
भोपाल, 8 जून: भाजपा नेता उमा भारती काफी समय से मध्य प्रदेश में शराबबंदी की मांग कर रही हैं। इसको लेकर अब उन्होंने आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन शुरू करते हुए राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शराब दुकान की सामने नशा मुक्ति की चौपाल लगाई। उमा भारती शराब की दुकान के सामने ही कुर्सी डालकर बैठ गईं और अपनी बात रखी। उमा भारती ने मंगलवार शाम को भोपाल के आशिमा मॉल के पास शराब दुकान के सामने चौपाल लगाई।

पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने ट्विटर पर भी अपने इस आंदोलन की जानकारी दी है। उमा भारती ने लिखा है- करीब सवा महीने पहले मेरी और शिवराज सिंह की शराबबंदी को लेकर लंबी वार्ता हुई फिर दिल्ली में हमारी पार्टी नेतृत्व से मेरी इसी विषय पर बातचीत हुई। भोपाल में भी पार्टी मुख्यालय के अंदर संगठन के वरिष्ठ प्रभारियों से इस संबंध में लंबा संवाद हुआ। इन तीनों मीटिंग में सबका यही कहना था कि हम सब शराब के खिलाफ हैं और निषिद्ध स्थानों पर शराब की दुकान नहीं होना चाहिए। साथ ही शराब पिलाने के अहाते तो मध्य प्रदेश में कहीं नहीं होना चाहिए।
उमा भारती ने आगे लिखा, नशा एवं शराब के खिलाफ जागरूकता का अभियान चलेगा यह बात हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के अध्यक्ष महोदय कह चुके हैं। बातचीत के परिणाम आने की प्रतीक्षा करते हुए मैं आज से जागरूकता अभियान प्रारंभ कर रही हूं क्योंकि जागरूकता अभियान हमारी पार्टी एवं सरकार की नीति के ही अनुसार है।
लोग झुंड में बैठे शराब पी रहे हैं
उमा भारती ने सवाल किया कि हमारे देश में शराब पीकर वाहन चलाना अपराध है तो जो अहातों में बैठकर बड़े-बड़े झुंड में शराब पी रहे हैं वह जब बाहर निकलेंगे तब वह घर कैसे जायेंगे। ये खुद वाहन चलाकर जाएंगा या घर का कोई वाहन लेकर उनको लेने आएगा? या सरकार खुद उसके लिए वाहन की व्यवस्था करेगी।
पंजाब का दिया उदाहरण
उमा भारती ने कहा कि ये क्यों जरूरी है मैं इसके लिए पंजाब का उदाहरण दूंगी, पहले शराब पीने का प्रचंड दौर चला फिर एक समय ऐसा आता है कि शराब से नशे की हवस पूरी नहीं होती तो व्यक्ति दूसरे नशे करता है। यही उड़ता पंजाब की कहानी है। हम भूलवश मध्य प्रदेश को पंजाब की तरह उड़ता मध्य प्रदेश ना बना दें।












Click it and Unblock the Notifications