MP News: राहुल गांधी की यात्रा को मेगा शो बनाने की तैयारी में कांग्रेस, कमलनाथ, जीतू पटवारी व दिग्विजय की बैठक
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले मेगा शो बनाने की तैयारी कर रही है। इसमें प्रदेश के हर जिले के कार्यकर्ता और नेताओं को शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। इस संबंध में रविवार को हुई जूम मीटिंग में यह बात सभी नेताओं ने मंडलम सेक्टर तक के पदाधिकारी से कही है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सेंट्रल वॉर रूम से प्रदेश के विभिन्न स्तर के करीब 5000 पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के साथ जूम के माध्यम से संगठन, लोकसभा चुनाव और भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर चर्चा की।

जूम बैठक में पूर्व मुख्यमंत्रीद्वय कमलनाथ, दिग्विजयसिंह, अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव एमपी प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद श्री विवेक तन्खा, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व अध्यक्ष अरूण यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, सहित वरिष्ठ नेता भी जूम के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
सभी वरिष्ठ नेताओं ने जूम मीटिंग से जुड़कर पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश के सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर कार्य करना है। भाजपा प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से प्रदेश की जनता परेशान है। युवाओं, किसानों, महिलाओं के साथ लगातार अन्याय कर रही है भाजपा सरकार। प्रदेश पर इतना कर्ज बढ़ रहा है लेकिन भाजपा सरकार केवल इंवेट में लगी हुई है।

संगठन में पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ काम करें। संगठन की गतिविधियों और संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता से काम करें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जूम के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की साथ ही जूम से जुड़े प्रदेश भर के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निकट भविष्य में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। हमें किसी प्रकार से डरने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश का एक-एक कार्यकर्ता पूरे निःसंकोच भाव से 'मैं नहीं हम की भावना' से काम करे। राहुल गांधी जी की 2 मार्च को मप्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रवेश करने वाली है। इस यात्रा को सभी मिलकर सफल और प्रभावी बनाए। संगठन की ताकत को समझें। भाजपा की नीतियां हमेशा से ही हमारी गतिविधियों को विफल करने की रही है, लेकिन हमें उनकी इस तरह की जनविरोधी प्रणाली से बचकर उनका पूरी ताकत के साथ मुकाबला करना है।
जूम बैठक में प्रभारी गोर्की बैरागी, सेंट्रल वॉर रूम के चेयरमेन डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, को-चेयरमेन अलमास सलीम, ललित सेन, सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभय तिवारी, अभिनव बारोलिया, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications