Bageshwardham: धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई ने तमंचा लहराया, दलित की शादी में मारपीट कर उत्पात मचाया
बागेश्वरधाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिगराम गर्ग का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह मुंह में सिगरेट दबाए, हाथ में तमंचा लिए एक दलित परिवार की शादी में मारपीट और उत्पात मचाते नजर आ रहा है।

Bageshwardham Viral Video: मध्य प्रदेश के बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिगराम गर्ग का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शालिगराम नशे की हालत में सिगरेट पीते हुए लोगों एक विवाह समारोह में लोगों से मारपीट कर रहा है। इतना ही नहीं वीडियो में वह पीड़ितों को गंदी गालियां भी दे रहा है। पिटने वाले व्यक्ति ने जब उसकी बात मानने से इंकार किया तो शालिगराम ने पीड़ित व्यक्ति पर तमंचा तान दिया। इस दौरान उसका एक साथी नहीं महाराज, नहीं महाराज कहते हुए शलिगराम को संभालते हुए और मामले को टालने का प्रयास करता नजर आ रहा है। यह वीडियो रविवार दोपहर बाद तेजी से वायरल हो रहा है।

बागेश्वरधाम के गढ़ा गांव में दलित परिवार के शादी समारोह का है वीडियो
मीडिया ने जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता जानने का प्रयास किया तो पता चला कि यह वायरल वीडियो छतरपुर जिले के गढ़ा गांव का ही है। बागेश्वरधाम भी इसी गांव में स्थित है। वीडियो में शालिगराम गर्ग गढ़ा गांव निवासी रामआसरे अहिरवार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो 11 फरवरी की रात करीब 12 बजे का है। अहिरवार परिवार में हो रहे विवाह समारोह में पहुंचकर शालिगराम ने जमकर उत्पात मचाया, परिजन से मारपीट करते हुए देशी तमंचा निकालकर उसपर तान दिया था। वह नशे की हालत में था और वीडियो में वह खुलेआम सिगरेट पीते हुए भी दिख रहा है। वह परिजन को जमकर गालियां देते हुए मारपीट करते दिखाई दे रहा है।
Recommended Video

बागेश्वरधाम के सम्मेलन में शादी करने से मना किया था
मामले में प्राथमिक रुप से जो जानकारी निकलकर सामने आई है उसके अनुसार बागेश्वरधाम में बीते रोज 18 फरवरी को सामूहिक कन्या विवाह योजना का सम्मेलन हुआ था। जबकि वीडियो 11 फरवरी की रात का है। धीरेंद्र शास्त्री का भाई शालिगराम अनुसूचित जाति परिवार पर बेटी का विवाह बागेश्वरधाम में सम्मेलन से न कराने पर नाराज था। इसी बात को लेकर उसने विवाह समारोह में अपने साथियों संग पहुंच उत्पात और मारपीट कर आतंक मचाया था, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया था और अब वायरल किया है।
वीडियो पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया है
बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर से जुड़े वायरल वीडियो और गंभीर मामले में बमीठा थाना पुलिस का कहना है कि उनसे किसी ने इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत तो नहीं की है, लेकिन वीडियो को पुलिस ने स्वत: संज्ञान मे लेकर जांच में लिया है। वहीं छतरपुर के आला पुलिस अधिकारी इस मामले में किसी भी तरह की शिकायत न आने की बात कहकर पलड़ा छाड़ते हुए नजर आ रहे थे। बता दें कि बीते रोज ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आधा दर्जन मंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के संत बागेश्वरधाम में मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications