ट्रक ड्राइवर के हाथ-पैर बांधकर 12 करोड़ के iPhones लूटे, फिल्मी स्टाइल में ऐसे पड़ी डकैती, कोई सबूत न मिला
Apple Phone Container Loot: मध्य प्रदेश में करोड़ों रुपए के आईफोन (iPhone) चोरी का मामला सामने आया है। जहां बदमाशों ने एक कंटेनर ड्राइवब को बंधक बनाकर उसमें लोड 1600 एप्पल कंपनी के मोबाइल लूट लिए हैं। जिसकी कीमत 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस डकैती के बाद ड्राइवर रिपोर्ट लिखाने के लिए बांदरी थाने के चक्कर काटता रहा, लेकिन 15 दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। अब ये पूरा मामला आईजी प्रमोद कुमार वर्मा के संज्ञान में आया है। जिसके बाद वह खुद बीते दिनों देर रात बांदरी थाने पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली हैं।

जानकारी मुताबिक, 14 अगस्त को एप्पल कंपनी के कीमती मोबाइल लेकर एक कंटेनर UP14PT0103 हैदराबाद से उत्तर भारत के लिए निकला था। कंटेनर चालक के साथ एक सुरक्षा गार्ड भी मौजूद था। लखनादौन के पास एक दूसरे सुरक्षा गार्ड को भी कंटेनर में सवार होना था।
लखनादौन के पास कंटेनर में सवार सुरक्षा गार्ड ने चाय पीने के लिए कंटेनर को रुकवाया। मौके पर पहले से मौजूद एक व्यक्ति को सुरक्षा गार्ड ने ड्राइवर से मिलवाते हुए कहा कि यह गार्ड भी हम लोगों के साथ चलेगा।
इसके बाद दोनों सुरक्षा गार्ड के साथ ट्रक ड्राइवर गंतव्य के लिए रवाना हुए। ट्रक ड्राइवर ने नींद आने पर रात में कंटेनर को साइड में खड़ा कर दिया और वह सो गया। साथ ही दोनों सुरक्षा गार्ड भी सो गए।
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि कंटेनर में भरे मोबाइलों में से आधे मोबाइल चोरी हुए हैं। कंटेनर चालक ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी तत्काल बांदरी थाना पहुंचकर दी। पुलिस ने इस पूरे मामले में लापरवाही बरती और कोई कार्रवाई नहीं की।
जब मामले की जानकारी आईजी प्रमोद वर्मा को हुई तो वह बांदरी थाना पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एएसपी संजीव उइके भी बांदरी थाने पहुंच गए। लापरवाही बरतने पर आईजी ने तीनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षक संदीप तोमर को बांदरी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत द्वारा गंभीर घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को न देने पर लाइन अटैच कर दिया गया था।
मामले में लापरवाही बरतने पर बांदरी थाना प्रभारी भागचंद उइके, एएसआई राजेन्द्र पांडेय को लाइन अटैच कर दिया गया है। दूसरी तरफ प्रधान आरक्षक राजेश पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications