नक्सली नहीं, बल्कि लव मैरिज करने वाली महिला के डर से लगता है पुलिस थाने पर ताला, जानिए क्यों?
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट शहर की पुलिस इन दिनों एक अजीब सी दहशत में है। डर का आलम ऐसा कि शाम होते ही पुलिस थाने में ताला जड़ दिया जाता है। यह डर किसी आतंकी या नक्सली से नहीं बल्कि एक महिला से है, जो पति से नाराज बताई जा रही है और रोज शाम होते ही पुलिस थाने आकर ससुराल जाने की जिद करते हुए थाने को सिर पर उठा लेती है।
वह पुलिस को धमकाती है। कभी गालियां देती है। कभी बाइक को जमीन पर पटकती है। इस महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण ससुराल वालों और पति ने उसे छोड़ दिया। महिला की जिद है कि उसे ससुराल में ही रहना है और उसे लगता है कि पुलिस यह कर सकती है।
बातचीत के बाद भी ससुराल वाले उसे रखने तैयार नहीं है। कोतवाली थाना प्रभारी महेन्द्रसिंह ठाकुर की मानें तो महिला ने एक सिंधी युवक से प्रेम विवाह किया था। पति से विवाद होने के बाद ससुराल वालों ने उसे छोड़ दिया। महिला के कहने पर पुलिस ससुराल वालों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर चुकी है। मामला न्यायालय में चल रहा है। उसके बाद भी महिला ससुराल जाने की जिद करती है और इससे नाराज होकर रोज हंगामा करती है।
महिला का खौफ ससुराल वालों पर ही नहीं पुलिस पर भी इतना है कि इस महिला को देखते ही शाम होते ही यहां कोतवाली में ताला जड़ दिया जाता है। पुलिसवाले महिला के हंगामे से डरकर खुद को थाने में कैद कर लेते हैं। यदि किसी तरह महिला थाने तक आ गई तो पुलिस को डंडा दिखाती है और गालियां देती है। यहां तक कि धमकाते हुए पुलिसवालों के वाहन तक तोड़ने-फोड़ने लगती है।